Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
शिवपुरी के विकाश में बाधक है सिंधिया : नरोत्तम मिश्रा

शिवपुरी-संसदीय कार्य एवं जल संसाधन मंत्री व मप्र सरकार के प्रवक्ता डॉ.नरोत्तम मिश्रा
ने अनौपचारिक पत्रकारवार्ता में खुले तौर पर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर आरोपों
की बौछार लगा दी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग में शिकायत करके सांसद सिंधिया ने
गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र के विकास पर रोक लगाई है। सरकार इस क्षेत्र के
पिछड़ेपन को दूर कर अपने प्रयासों से विकास करना चाहती है लेकिन सांसद सिंधिया इस पूरे
क्षेत्र में विकास का ढोंग पीटते हुए जनता को पिछले कई वर्षों से गुमराह कर रहे है,
उन्होंने स्पष्ट आरोप लगाते हुए कहा कि उप चुनाव के मद्देनजर मुंगावली और कोलारस में
सांसद सिंधिया दूसरे क्षेत्रों की बात कर भोलीभाली जनता को बरगलाने का भी षडयंत्र कर
रहे है। पत्रकारवार्ता में आदिम जाति कल्याण मंत्री लाल सिंह आर्य के साथ कोलारस
चुनाव प्रभारी रामेश्वर शर्मा भी मौजूद थे।
पत्रकारवार्ता में कोलारस उप चुनाव को लेकर डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि
यह चुनाव छ: माह से ज्यादा की अवधि का नहीं है और सरकार इस क्षेत्र में कोरी घोषणाऐं
करके विकास नहीं कर रही है, मुख्यमंत्री या उनके मंत्रीमण्डल के अन्य सदस्यों ने जो भी
घोषणाऐं की है चाहे वह निर्माण से संबंधित हो या गरीबों के उत्थान से जुड़ी हो उसके
धरातल पर परिणाम सामने आ रहे है। मैंने 200 करोड़ के प्रोजेक्ट की सिंचाई मंत्री
की हैसियत से घोषणाऐं नहीं की बल्कि उनके टेण्डर भी जारी करवा दिए है जो यह साबित
करता है कि सरकार किसानों के साथ सहरिया, आदिवासी, हरिजन और समाज के उस अंतिम
व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहती है। संसदीय क्षेत्र में यदि शिवपुरी की बात
करें तो जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिकाओं के साथ विधायक भी कांग्रेस
के रहे हैं लेकिन सांसद सिंधिया ने इस क्षेत्र के लिए कोई बुनियादी काम नहीं किया,
दुर्भाग्यवश यह उप चुनाव हमारे सामने है और हम जनता के दरबार में एक सेवा के अवसर
की पुकार योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ लगा रहे है जिसे सांसद सिंधिया राजनैतिक
कारणों के चलते पलीता लगाने का प्रयास कर रहे है। यह चुनाव सबका साथ और सबका
विकास के मूलमंत्र पर होगा, जो पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर
भारतीय जनता पार्टी की सरकारों द्वारा किया जा रहा है।
विकास पर भी जनता का साथ नहीं मिला तो शिवपुरी का दुर्भाग्य होगा
डा.नरोत्तम मिश्रा से पत्रकारों ने जब पूछा कि आप विकास की बात करते हैं और
योजनाओं का लाभ देना चाहते है तो परिणाम आपके नकारात्मक क्यों चले जाते है?
अटेर के बाद चित्रकूट में सरकार के साथ जनता नहीं रही, जहां तक शिवपुरी का सवाल
है तो 2007 में भी आपने विकास की बात कही थी और जनता ने छ: माही विधायक वीरेन्द्र
रघुवंशी को बनाकर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भरोसा जताया था। इस सवाल के
जबाब में डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि हम अपना काम कर रहे है यदि 2007 में जनता ने
हमारी बात मानी होती तो आज शिवपुरी की तस्वीर बदल जाती और पानी के लिए सिंध
परियोजना के लिए 9 वर्ष नहीं लगते। आज फिर हम कोलारस उप चुनाव के बहाने शिवपुरी की जनता को विकास की मुख्यधारा से जुडऩे का आह्वान कर रहे है और विकास के नाम पर
भी यदि जनता हमारे साथ नहीं है तो इसे शिवपुरी का दुर्भाग्य ही कहा जाएगा।
मंत्री यशोधरा पर कहा सही समय पर राजे की होगी एण्ट्री
डॉ.नरोत्तम मिश्रा के अलावा अनौपचारिक तौर पर बात करते हुए कोलारस भाजपा
प्रभारी विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी एक सवाल के जबाब में कहा कि संगठन और
मुख्यमंंत्री ने कोलारस उप चुनाव को लेकर जिन्हें जिम्मेदारियां दी है वह अपना काम
ईमानदारी से कर रहे है और उनके साथ शिवपुरी जिले का भाजपा कार्यकर्ता भी
प्राण प्रण से इस चुनाव में जीत के लिए संकल्पित दिखाई दे रहा है। मंत्रियों के भ्रमण की बात
है तो प्रभारी मंत्री रूस्तम सिंह के अलावा लालसिंह आर्य, उमाशंकर गुप्ता और पूर्व में
विश्वास सारंग के साथ-साथ केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर भी इस क्षेत्र में जनता के बीच
सरकार की उपलब्धियों को रख चुके है। जहां तक मंंत्री यशोधरा राजे सिंधिया का उप
चुनाव में सक्रिय भूमिका का सवाल है तो वे पार्टी की वरिष्ठ कार्यकर्ता है और सही समय पर
उनकी कोलारस उप चुनाव में धमाकेदार एण्ट्री होगी।

Share This News :