Homeखेल ,slider news,
गेंदबाजों ने बचाई लाज, जोहानिसबर्ग टेस्ट में टीम इंडिया की जीत, सीरीज 2-1 से अफ्रीका के नाम

आखिरकार टीम इंडिया ने हिम्मत दिखाई और मेजबान साउथ अफ्रीका का सीरीज में क्लीन स्वीप करने का सपना तोड़ दिया. विराट ब्रिगेड ने चौथे ही दिन जोहानिसबर्ग टेस्ट पर 63 रनों से कब्जा कर लिया. हालांकि दक्षिण अफ्रीका 2-1 से सीरीज अपने नाम करने में सफल रहा. मोहम्मद शमी ने दूसरी पारी में 28 रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट झटके. जसप्रीत बुमराह और ईशांत शर्मा को 2-2 विकेट मिले, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने एक विकेट निकाला. सीरीज में 15 विकेट लेने वाले वर्नोन फिलेंडर मैन ऑफ द सीरीज रहे.  मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड भुवनेश्वर को दिया गया, उन्होंने सीरीज के आखिरी टेस्ट में ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 63 (30 और 33 रन) रन बनाए और 4 ( 3 और 1) विकेट भी चटकाए.जीत के लिए 241 रनों का पीछा करते हुए मेजमान टीम 177 रनों पर सिमट गई. लुंगी नगीदी (4 रन) को शमी ने विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों कैच करा साउथ अफ्रीका को आखिरी झटका दिया. डीन एल्गर (86 रन) एक छोर पर नाबाद रहे. इससे पहले मोर्ने मोर्केल (0) को मो. शमी ने बोल्ड कर 9वां विकेट गिराया. कैगिसो रबाडा (0) को भुवनेश्वर कुमार ने पुजारा के हाथों कैच करा कर 8वां झटका दिया. शमी ने एक ही ओवर में एंडिले फेहलुकवायो (0) और वर्नोन फिलैंडर (10) को बोल्ड कर अफ्रीका को 7वां और छठा झटका दिया. क्विंटन डि कॉक (0) को जसप्रीत बुमराह ने एलबीडब्ल्यू किया, साउथ अफ्रीका का 5वां  विकेट गिरा. कप्तान फाफ डु प्लेसिस (2)  को ईशांत शर्मा ने बोल्ड कर चौथा विकेट गिराया.इससे पहले चौथे दिन मैच शुरू होने से पहले अंपायर ने गीले आउटफील्ड और पिच का जायजा लिया. इसके बाद भारतीय समयानुसार ढाई बजे मैच शुरू करने का फैसला किया गया. शुक्रवार के नाबाद बल्लेबाज हाशिल अमला और डीन एल्गर ने साउथ अफ्रीका के स्कोर को 17/1 से आगे बढ़ाया. दूसरे विकट के लिए 119 रनों की पार्टनरशिप के बाद अमला (52 रन) को ईशांत शर्मा की गेंद पर हार्दिक पंड्या ने लपका. 131 के स्कोर पर एबी डिविलियर्स (6 रन) को जसप्रीत बुमराह ने अपना शिकार बनाया. मैच के तीसरे दिन असमान बाउंस की वजह से यहां की पिच पर बल्लेबाजी करते हुए खिलाड़ी चोटिल हुए थे.टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया अपनी पहली पारी में 187 रनों पर ऑल आउट हो गई थी. जिसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने भी साउथ अफ्रीका को 194 रनों पर ढेर कर दिया.पहली पारी के आधार पर अफ्रीका को 7 रन की बढ़त हासिल हुई, लेकिन दूसरी पारी में टीम इंडिया ने अपने सभी विकेट गंवा कर 247 रन बनाए और साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 241 रनों का लक्ष्य रखा.भारत ने अपनी दूसरी पारी में 247 रन बनाए. इस तरह उसे दूसरी पारी के आधार पर 240 रनों की बढ़त प्राप्त हुई. दूसरी पारी में भारत के लिए अजिंक्य रहाणे ने सबसे अधिक 48, कप्तान विराट कोहली ने 41, भुवनेश्वर कुमार ने 33, मुरली विजय ने 25 और मोहम्मद शमी ने 27 रन बनाए.दक्षिण अफ्रीका की ओर से कैगिसो रबाडा, वर्नोन फिलेंडर और मोर्ने मोर्कल ने तीन-तीन सफलता हासिल की जबकि लुंगी नगीदी को एक विकेट मिला.

भारत की तरह ही मेजबान टीम के सिर्फ तीन बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को छू सके. दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा 61 रन हाशिम अमला ने बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 121 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके लगाए. उनके अलावा वर्नोन फिलेंडर ने 35 और कैगिसो रबाडा ने 30 रन की अहम पारी खेली.

 

टीम इंडिया के लिए जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए. इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार को तीन सफलताएं मिलीं. ईशांत शर्मा और मोहम्मद शमी को एक-एक विकेट मिला.

Share This News :