Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,खास खबरे,
कलेक्टर ने लिया मेगा दिव्यांग एवं वृद्धजन सहायता शिविर की तैयारियों का जायजा

ग्वालियर । राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के मुख्य आतिथ्य में 11 फरवरी को दिव्यांगों एवं वृद्धजन की सहायतार्थ प्रस्तावित विशाल शिविर की तैयारियाँ जारी हैं। कलेक्टर राहुल जैन ने जीवाजी विश्वविद्यालय पहुँचकर प्रस्तावित शिविर स्थल का जायजा लिया। उन्होंने शिविर आयोजन से जुड़े विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्पूर्ण शिविर स्थल को बाधा रहित बनायें, जिससे दिव्यांगों व वृद्धजनों को कोई कठिनाई न हो।
ग्वालियर जिले को दिव्यांग मित्र बनाने की कड़ी में जीवाजी विश्वविद्यालय के खेल मैदान पर प्रस्तावित इस शिविर में लगभग 4 हजार 889 दिव्यांगों व वृद्धजनों को इस शिविर में कृत्रिम अंग व सहायता उपकरण वितरित किए जायेंगे। यह शिविर जिला प्रशासन द्वारा रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा, एलिम्को एवं ग्वालियर रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। मेगा शिविर से पहले जिलेभर में विशेष शिविर आयोजित कर दिव्यांगों व वृद्धजनों को कृत्रिम अंग व सहायता उपकरण प्रदान करने के लिये चिन्हित किया गया। साथ ही उनकी माप भी ली गई। कलेक्टर राहुल जैन ने शिविर स्थल का जायजा लेने के दौरान यह भी निर्देश दिए कि चिन्हित सभी दिव्यांग व वृद्धजनों को यहाँ तक पहुँचाने के लिये वाहनों की व्यवस्था करें। साथ ही वाहनों के लिये निर्धारित पार्किंग से शिविर स्थल तक दिव्यांगों व वृद्धजनों को लाने के लिये ई-रिक्शा भी लगाए जाएँ। उन्होंने कहा कार्यक्रम स्थल पर चिन्हित दिव्यांगता के हिसाब से अलग-अलग सेक्टर बनाए जाएँ। कलेक्टर ने जीवाजी विश्वविद्यालय के जिम्नेजियम हॉल में पहुँचकर दीक्षांत समारोह की तैयारियों की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर जीवाजी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीरज कुमार सिंह, अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव, जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. आनंद मिश्रा, अपर आयुक्त नगर निगम रिंकेश वैश्य व संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय राजीव राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Share This News :