Homeslider news,
उच्च शिक्षा मंत्री ने की प्रजापति आश्रम के विकास के लिये 5 लाख देने की घोषणा ï¿

भारतीय सामाजिक व्यवस्था में प्रजापति समाज की सदैव से अहम भूमिका रही है। यह समाज सरल और सीधा समाज है। इस समाज के लोग शांतिपूर्वक व मिल-जुलकर काम करने में विश्वास रखते हैं। यह बात उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कही। श्री पवैया नगर निगम के वार्ड क्रं.-1 के अंतर्गत टिल्लू बाबा प्रजापति आश्रम पर आयोजित हुए प्रजापति समाज के मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने टिल्लू बाबा प्रजापति आश्रम पर विकास कार्यों के लिये अपनी विधायक निधि से पाँच लाख रूपए की राशि देने की घोषणा की।

      उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने कहा कि आगे भी इस आश्रम में वृद्धाश्रम आदि रचनात्मक कार्यों के लिये धन की कमी नहीं आने दी जायेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिये योजनायें बनाई हैं। प्रजापति समाज भी इन योजनाओं का लाभ लेने के लिये आगे आए। श्री पवैया ने कहा सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगारमूलक योजनाओं के तहत आर्थिक मदद लेकर प्रजापति समाज के स्वरोजगारी भी अपने पारंपरिक व्यवसाय को आधुनिक तरीके से अंजाम दे सकते हैं।

      रचनात्मक कार्यों में अहम भूमिका निभाने वाले प्रजापति समाज के लोगों को उच्च शिक्षा मंत्री ने इस मौके पर सम्मानित किया। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्री राकेश माहौर, पार्षद श्री जगत सिंह कौरव, टिल्लू बाबा प्रजापति आश्रम समिति के अध्यक्ष श्री गंगाराम प्रजापति तथा सर्वश्री भागीरथ प्रजापति, अमर सिंह माहौर एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।

गणेश उत्सवों में भी हुए शामिल

      उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने ग्वालियर प्रवास के दौरान रविवार के सायंकाल शब्दप्रताप आश्रम तिराहा, खेड़ापति मंदिर परिसर और कांतीनगर के गणेश उत्सव में भी शामिल हुए। साथ ही भगवान श्रीगणेश की आरती उतारी।

Share This News :