Homeslider news,
डैम में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, सात डूबे, आठ को बचाया

शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र स्थित माता टीला डैम में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। 15 श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटने से तीन महिलाओं और चार बच्चों सहित सात लोग डूब गए। आठ लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही प्रशासन ने मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर सात लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, रजावन गांव के 15 लोग नाव से डैम के बीच बने टापू पर स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के दर्शन करने जा रहे थे। बीच रास्ते में नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। नाव में सवार कई लोग डूबने लगे। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आठ लोगों को बचा लिया, लेकिन तीन महिलाओं और चार बच्चों का रात तक कोई पता नहीं चला। आशंका है कि ये बांध में डूब गए हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है। साथ ही एनडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। शिवपुरी एसपी ने बताया कि बचाव कार्य तेज कर दिया गया है और जल्द से जल्द लापता लोगों को खोजने का प्रयास किया जा रहा है।लापता लोगों में शारदा (55) पत्नी इमारत लोधी, कुमकुम (15) पुत्री अनूप लोधी, लीला (40) पत्नी रामनिवास लोधी, चाइना (14) पुत्री लक्षणीराम लोधी, कान्हा (सात) पुत्र कप्तान लोधी, रामदेवी (35) पत्नी भुरा लोधी और शिवा (आठ) पुत्र भूरा लोधी का अभी तक पता नहीं चला। सभी लोग राजवन गांव के रहने वाले हैं। हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर रविंद्र चौधरी और एसपी अमन सिंह राठौड़ टीमों को लेकर पहुंचे गए थे। देर रात तक लापता लोगों का पता नहीं चला था।

 
 
 

Share This News :