Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
दिल्ली-एनसीआर: अगले तीन दिन प्रदूषण से राहत नहीं, फिर लागू होगा ऑड-इवन!

दिल्ली जहरीली हवाओं का गैस चैंबर बनी हुई है। दीवाली बीते हुए एक हफ्ते हो गए है लेकिन हवा में जहर कम होने के बजाए बढ़ता जा रहा है। बच्चों के स्कूल बंद हो चुके हैं। लोगों ने सड़कों पर निकलना कम कर दिया है। लेकिन मौसम विभाग ने ऐलान कर दिया है कि फिलहाल अगले तीन दिन तक कोई राहत नहीं मिलने वाली है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज प्रदूषण पर आपात बैठक की। जिसमें कई अहम फैसले लिए गए। हालांकि अभी इन फैसलों का असर आना बाकी है। इन सबके अलावा भी सरकार ने कई कदम उठाने का ऐलान किया है। सरकार ने बदरपुर प्लांट 10 दिन के लिए बंद कर दिए हैं। वहीं 10 दिन तक डीज़ल जनरेटर का इस्तेमाल बंद करने का आदेश दिया है। साथ ही सरकार ने 10 नवंबर से वैक्यूम क्लीनिंग शुरू करने का फैसला किया है। दिल्ली सरकार एक बार फिर ऑड-इवन लाने की तैयारी में है। साथ ही सरकार ने कूड़ा जलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
सड़क की जानलेवा हवा से बचाने के लिए बच्चों के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि कमरे के अंदर भी सांसें सुरक्षित है। इस वक्त घर के अंदर भी प्रदूषण का लेवल खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका है। पर्यावरण के जानकारों के मुताबिक अब जो कदम उठाए जा रहे हैं वो सरकारों को बहुत पहले ही उठाना था। अब तो हालात ये हो चुके हैं कि कुछ कड़े कदम उठाने होंगे।

Share This News :