Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,खास खबरे,
समाज व देश की असली ताकत उसका गौरवमयी इतिहास : मंत्री पवैया

ग्वालियर । किसी भी समाज व देश की असली ताकत उसका गौरवमयी इतिहास होता है। इसलिये अपने पूर्वजों के प्रेरणादायी इतिहास का सदैव स्मरण रखना चाहिए। अपने इतिहास व महापुरूषों को भूलने वाले समाज निष्प्राण हो जाते हैं। उक्त आशय के विचार उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने व्यक्त किए।
मंत्री पवैया ग्वालियर दुर्ग पर महाराजा भीम सिंह राणा के 262वें श्रृद्धांजलि दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को आयोजित हुए अखिल भारतीय किसान राणा मेला के उदघाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा जाट समाज एक ऐसा समाज है, जिसकी वचनवद्धता और स्पष्टवादिता की अन्य समाज भी दुहाई देते हैं। उच्च शिक्षा मंत्री पवैया ने कहा जाट समाज में जन्मे महाराजा भीम सिंह राणा ऐसे ही वीर महापुरूष थे, जिन्होंने अपने पुरूषार्थ की बदौलत मुगलों को पराजित किया और ग्वालियर के किले पर केशरिया पताका लहराई। उनके शौर्य और पराक्रम से युवाओं को प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं का आहवान किया कि वे आत्मविश्वास एवं साहस के साथ जीवन पथ पर आगे बढ़ेंगे, तो सफलता अवश्य मिलेगी।

कार्यक्रम में सांसद कर्नल सोनाराम व दुष्यंत चौटाला व पूर्व रेल राज्यव मंत्री चौधरी अजय सिंह सहित जाट समाज के अन्य अतिथियों ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पवैया सहित अन्य अतिथियों ने ग्वालियर दुर्ग पर जौहरकुण्ड के समीप स्थित जाट राजा भीम सिंह राणा की छत्री पहुँचकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही जाट समाज के नेता रहे स्व. चौधरी रामवीर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रृद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उत्तरप्रदेश के पूर्व मंत्री सरदार सिंह तथा शक्ति सिंह, एसपी सिंह, वीरेन्द्र सिंह गोदारा व राजेन्द्र तिलानी समेत जाट समाज के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में जाट समाज के प्रतिनिधि मौजूद थे। स्वागत उदबोधन मेला संयोजक मलूक सिंह ने दिया।
विदित हो गोहद के जाट राजा भीम सिंह राणा ने सन् 1754 में मुगलों को पराजित कर ग्वालियर किले को अपने अधिकार में कर लिया था। सन् 1756 ईसवी में मराठों के साथ हुए युद्ध में वे वीरगति को प्राप्त हुए। ग्वालियर दुर्ग पर जौहरकुण्ड के समीप एवं जहाँगीर महल के पश्चिम में भीम सिंह राणा की छत्री बनी है।

Share This News :