Homeखेल ,slider news,
स्मिथ के आंसुओं से पिघला क्रिकेट जगत, रोहित शर्मा ने जताई सहानुभूति

स्टीव स्मिथ ने गुरुवार को सिडनी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दक्षिण अफ्रीका में बॉल टेंपरिंग की पूरी जिम्मेदारी ली और कहा कि वह काफी निराश हैं और पूरी जिंदगी उन्हें इस घटना का मलाल रहेगा.

निराश स्मिथ खचाखच भरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुद पर संयम बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनकी आंखों में बार-बार आंसू आ रहे थे. स्मिथ आज दक्षिण अफ्रीका से ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद पांच मिनट की प्रेस कांफ्रेंस में बार-बार रोते रहे.

वर्ल्ड क्रिकेट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक स्टीव स्मिथ को इस तरह रोता देख क्रिकेट जगत ने उनसे सहानुभूति जताई है. सोशल मीडिया पर स्टीव स्मिथ का समर्थन करते हुए कई खिलाड़ियों ने ट्वीट किए हैं.

टीम इंडिया के स्टार ओपनर रोहित शर्मा ने ट्वीट कर लिखा कि 'स्टीव स्मिथ को जोहानिसबर्ग एयरपोर्ट पर जिस तरह से ट्रीट किया गया वह बिलकुल भी अच्छा नहीं था और सिडनी में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिस तरह से स्मिथ भावुक हुए वह मेरे दिमाग में घूम रहा है. खेल की भावना अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसमें कोई इनकार नहीं करता.'

रोहित ने कहा कि स्मिथ ने एक गलती की और उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया. मेरा यहां बैठकर ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड के फैसले पर सवाल उठाना अनुचित होगा, लेकिन स्मिथ महान खिलाड़ी हैं और मुझे नहीं लगता कि ये विवाद उन्हें परिभाषित करता है.

Share This News :