Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
डिफाल्टर किसानों का ब्याज भरेगी राज्‍य सरकार

राजगढ़। मेरे किसानों को किसी भी कीमत पर परेशान नहीं होने दिया जाएगा। अभी तक डिफाल्टर हो चुके किसानों को सोसाइटी द्वारा कोई खाद बीज नहीं दिया जा रहा था, लेकिन इसके लिए हमारे द्वारा किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऋण समाधान योजना चलाई जाएगी। इस योजना के तहत किसान ब्याज, चक्रवर्ती ब्याज के कारण डिफाल्टर हुआ है, वह राशि सरकार द्वारा भरी जाएगी। लेकिन किसानों द्वारा कुल ब्याज के आधी राशि भी जमा की जाएगी तो उन्हें उतनी ही राशि का खाद बीज उपलब्ध कराया जाएगा।

यह बात शुक्रवार को जीरापुर स्टेडियम में आयोजित अंत्योदय मेला एवं महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कही।

उन्होंने कहा कि अभी तक किश्तें नहीं भरने के कारण डिफाल्टर हो चुके किसानों को सोसाइटी द्वारा खाद बीज प्रदान नहीं किया जाता था, बल्कि उनसे मैं ब्याज की पूरी राशि जमा कराने की मांग की जाती थी, ऐसे में किसानों को खाद बीज मार्केट से तेज भाव पर लेना पड़ता था। ब्याज और चक्रवर्ती ब्याज की राशि किसानों द्वारा दी जाती है। सीएम की इस घोषणा से किसानों के एक बड़े तबके को लाभ होगा।

छापीहेड़ा में खुलेगा कॉलेज, दो जगह हायरसेकंडरी स्कूल

मुख्यमंत्री ने विधायक हजारीलाल दांगी की मांग पर छापीहेड़ा में आने वाले शिक्षा सत्र से ही कॉलेज खोलने का ऐलान किया है। श्री दांगी ने कहा था कि छापीहेड़ा से खिलचीपुर, जीरापुर लगभग 25 किलोमीटर दूर है। इसके अलावा स्कूलों को हायर सेकंडरी में उन्न्यन की मांग भी विधायक ने की थी।

विधायक की मांग पर सीएम ने दोनों ही घोघटपुर व गागोरनी गांव में हाईस्कूलों को हायरसेकंडरी स्कूल में करने का ऐलान किया। साथ ही तहसील में एक आईटीआई खोलने एवं खिलचीपुर विधानसभा के सामुदायिक अस्पताल को सिविल अस्पताल में कन्वर्ट करने का ऐलान किया।

फर्सा छीना तो मंच की ओर फेंके पानी के पाउच

सीमए के पहुंचने के पहले ही एक व्यक्ति संत की वेशभूषा में हाथ में फर्सा लेकर मंच के समीप पहुंच गया, यह देख एक पुलिसकर्मी ने उनका फर्सा छीन लिया। लेकिन जब सीएम मंच पर आए एवं वह भाषण दे रहे थे तो उक्त व्यक्ति ने भाषण दे रहे सीएम की ओर पानी के पाउच एवं धूल उठाकर फेंक दिया। हालांकि दूरी काफी अधिक होने के कारण वह उन तक नहीं पहुंची। बाद में पुलिस ने उन्हें अपनी कस्टडी में ले लिया।

Share This News :