Homeखेल ,
वॉटसन के शतक से चेन्नई की राजस्थान पर शानदार जीत

पुणे। à¤¶à¥‡à¤¨ वॉटसन के शतक (106) के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स को 64 रनों से हराया। चेन्नई के 5 विकेट पर 204 रनों के जवाब में राजस्थान की पारी 18.3 ओवरों में 140 रनों पर सिमट गई।

डेब्यू मैच खेल रहे हेनरिक क्लासेन मात्र 7 रन बनाकर शार्दुल ठाकुर के शिकार बने। फॉर्म में चल रहे संजू सैमसन भी मात्र 2 रन बनाकर चाहर की गेंद पर डीप स्क्वेयर लेग पर शर्मा को कैच थमा बैठे। राजस्थान को कप्तान अजिंक्य रहाणे से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वे मात्र 16 रन बनाकर चाहर के शिकार बने। इसके बाद ड्‍वेन ब्रावो ने मेहमान टीम को दो झटके दिए। उन्होंने जोस बटलर (22) को इमरान ताहिर के हाथों झिलवाया। ‍राहुल त्रिपाठी 5 रन बनाकर उनकी गेंद पर बिलिंग्स के हाथों लपके गए। स्टोक्स (45) की पारी का अंत इमरान ताहिर ने किया। गौतम को वॉटसन ने चलता किया तो शार्दुल ठाकुर ने स्टुअर्ट बिन्नी (10) का अपनी गेंद पर जबर्दस्त कैच लपका।

राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वॉटसन भाग्यशाली रहे कि शुरुआती दो ओवरों में उन्हें दो जीवनदान मिले, दोनों बार उनके कैच राहुल त्रिपाठी ने छोड़े। जब वे 8 रनों पर थे तब बिन्नी की गेंद पर त्रिपाठी ने स्लिप में उनका आसान कैच छोड़ा। इसके बाद जब वे 18 रनों पर थे तब के. गौतम की गेंद पर त्रिपाठी ने पाइंट पर उनको जीवनदान दिया। वॉटसन और रायुडू ने तूफानी गति से 50 रन जोड़े। बेन लॉघलिन ने रायुडू (12) को विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों झिलवाकर मेजबान टीम को पहला झटका दिया। वॉटसन ने गौतम की गेंद पर छक्का लगाकर फिफ्टी पूरी की। वे 28 गेंदों में इस मंजिल तक पहुंचे।

रैना की उम्दा पारी का अंत गौतम ने शानदार कैच लेकर किया। गौतम ने डीप मिडविकेट पर डाइव लगाकर उन्हें पैवेलियन की राह दिखाई, सफल गेंदबाज थे गोपाल। रैना ने 9 चौकों की मदद से 46 रन बनाए। सैम बिलिंग्स 3 रन बनाकर गोपाल के तीसरे शिकार बने। वॉटसन ने उनादकट की गेंद पर 1 रन लेकर शतक पूरा किया। वे 51 गेंदों में 9 चौके और 6 छक्के लगाकर इस मंजिल तक पहुंचे। वॉटसन 106 रन बनाकर लॉघलिन की गेंद पर विकेटकीपर बटलर को कैच दे बैठे। यह वॉटसन का आईपीएल में तीसरा शतक है। यह आईपीएल 2018 का दूसरा शतक है। पहला शतक किंग्स इलेवन के क्रिस गेल ने गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लगाया था।ड्‍वेन ब्रावो 24 और रवींद्र जडेजा 2 रन बनाकर नाबाद रहे।

इस मैच के लिए दोनों टीमों ने प्लेइंग इलेवन में दो-दो बदलाव किए। चेन्नई ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव कर मुरली विजय की जगह फिट हो चुके सुरेश रैना को और हरभजनसिंह की जगह कर्ण शर्मा को शामिल किया। राजस्थान ने भी दो बदलाव कर डार्सी शॉर्ट और धवल कुलकर्णी की जगह हेनरिक क्लासेन और स्टुअर्ट बिन्नी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया।

 

Share This News :