Homeखेल ,
भारत ने 4-1 से जीती सीरीज, कीवियों को 46 रन से हराया; ईशान-SKY के बाद अर्शदीप चमके

भारत ने पांचवें टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 46 रन से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। शनिवार को तिरुवनंतपुरम में खेले गए आखिरी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने ईशान किशन की शतकीय और सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 271 रन बनाए। यह उनका बांग्लादेश (297/6) और श्रीलंका (283/1) के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा सबसे बड़ा टी20 स्कोर है। वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने अपना सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 225 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। उनके लिए फिन एलन ने 80 रनों की पारी खेली।

271 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत जरूर की, लेकिन लगातार विकेट गिरने के कारण वह मुकाबले में कभी भी पूरी तरह पकड़ नहीं बना सकी। ओपनर फिन एलन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजों पर शुरुआती ओवरों में दबाव बनाया। एलन ने महज 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 38 गेंदों पर 80 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें कई आकर्षक चौके-छक्के शामिल थे। उन्होंने खास तौर पर अर्शदीप सिंह को निशाना बनाया और शुरुआती दो ओवरों में उनसे जमकर रन बटोरे।
एलन को रचिन रवींद्र (30 रन) का अच्छा साथ मिला और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी हुई, जिससे न्यूजीलैंड की उम्मीदें कुछ देर के लिए जिंदा दिखीं। हालांकि, एलन के आउट होते ही कीवी पारी की लय पूरी तरह बिगड़ गई। इसके बाद भारतीय स्पिनरों अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने रन गति पर लगाम कसते हुए लगातार विकेट चटकाए। मध्यक्रम के बल्लेबाज बड़े स्कोर की चुनौती के सामने टिक नहीं सके और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
 अंतिम ओवरों में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शानदार वापसी करते हुए कहर बरपाया। शुरुआती ओवरों में महंगे साबित होने के बावजूद अर्शदीप ने अंतिम तीन ओवरों में चार विकेट झटकते हुए कुल 5 विकेट (5/51) अपने नाम किए। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 225 रन पर ऑलआउट हो गई और इस तरह वह लक्ष्य से 46 रन पीछे रह गई। बड़े स्कोर के दबाव और भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के सामने न्यूजीलैंड की टीम अंततः घुटने टेकने पर मजबूर हो गई।
इससे पहले, भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर पूरी तरह दबदबा बनाते हुए टी20 क्रिकेट का एक और यादगार प्रदर्शन किया। हालांकि, शुरुआत भारत के लिए कुछ खास नहीं रही और संजू सैमसन एक बार फिर असफल रहे। वह सिर्फ 6 रन बनाकर लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों पर 30 रनों की तेज पारी खेलकर पारी को गति देने की कोशिश की, लेकिन अतिरिक्त उछाल के चलते वह भी फर्ग्यूसन का शिकार बने। पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर 54 रन पर दो विकेट था।
इसके बाद मैदान पर आए ईशान किशन ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 137 रनों की विस्फोटक साझेदारी हुई, जिसने न्यूजीलैंड की गेंदबाजी की कमर तोड़ दी। किशन ने शुरू से ही आक्रामक तेवर अपनाए और तेज हाथों व बेहतरीन फुटवर्क के दम पर कीवी गेंदबाजों को चारों ओर प्रहार किया। उन्होंने महज 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और फिर तेजी से रन बटोरते हुए अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा।
दूसरे छोर पर सूर्यकुमार यादव ने अपनी चिरपरिचित शैली में बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों पर 63 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने चौके-छक्कों की बरसात करते हुए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 3000 रन भी पूरे किए। सूर्यकुमार के आउट होने के बाद भी किशन का आक्रमण जारी रहा और उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में शतक पूरा किया। उनकी इस शानदार पारी में दर्शनीय शॉट्स की भरमार रही, जिसने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।अंतिम ओवरों में हार्दिक पंड्या ने 17 गेंदों पर 42 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर भारत के स्कोर को और ऊंचाई दी। किशन के आउट होने के बावजूद भारत का रन रेट कम नहीं हुआ और टीम ने आखिरी 11 ओवरों में 189 रन बटोर लिए। निर्धारित 20 ओवरों में भारत ने 5 विकेट पर 271 रन बनाए, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ उसका अब तक का सबसे बड़ा टी20 स्कोर रहा। इस विशाल स्कोर ने मुकाबले को लगभग एकतरफा बना दिया और न्यूजीलैंड पर शुरुआत से ही भारी दबाव डाल दिया।
 
 
 
 
 

Share This News :