Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
अब सियासी पिच पर प्रियदर्शिनी सिंधिया भी, भोपाल में मांगेंगी महिला अधिकारों को

भोपाल। कांग्रेस के दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया भोपाल में इस सप्ताह बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही हैं। उन्होंने अपने आयोजन को गैर राजनीतिक नाम दिया है, लेकिन मंच पर उनके पति गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उपस्थित रहेंगे।
कांग्रेस से मुख्यमंत्री पद के दावेदार ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया महिलाओं के अधिकारों को लेकर अचानक सक्रिय हुई हैं। उन्होंने 27 अप्रैल को भोपाल में महिला अधिकारों को लेकर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया है। प्रियदर्शनी राजे सिंधिया का कहना है कि बेशक उनके पति ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्यप्रदेश में राजनीतिक चेहरा हैं, लेकिन उनका यह आयोजन पूरी तरह गैर राजनीतिक होगा। प्रियदर्शनी राजे सिंधिया ने अपने आयोजन में मध्यप्रदेश के सभी महिला संगठनों को शामिल करने का आव्हान किया है। इनमें रोटरी क्लब, लायंस क्लब जैसी संस्थाएं भी शामिल हैं। यह भी तय हो गया है कि प्रियदर्शनी राजे सिंधिया के मंच पर ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उपस्थित रहेंगे।
कुल मिलाकर मध्यप्रदेश में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राजनीति अपने अलग-अलग रंग दिखा रही है। मुख्यमंत्री पद के दावेदार सिंधिया की पत्नी भी अब खुलकर मैदान में उतर आई हैं। बेशक सामाजिक और गैर राजनीति आयोजनों के नाम पर वे मैदान में हैं। लेकिन उनका एजेंडा एक ही है अपने पति को मध्य प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनाना। इस सम्मेलन के नाम पर वे अपनी ताकत का एहसास कराएंगी।

Share This News :