Homeखेल ,
दिल्ली डेयरडेविल्स फेल, चेन्नई ने 13 रनों से दी शिकस्त

आईपीएल के 11वें सीजन के 30वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली डेयरडेविल्स को 13 रनों से मात दी. 212 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम 20 ओवरों में 198/5 रन ही बना पाई. अंतिम ओवर में जीत के लिए दिल्ली को 28 रन चाहिए थे, लेकिन लुंगी नगिदी ने इस ओवर में 14 रन ही बनने दिए. विजय शंकर की अर्धशतकीय पारी दिल्ली के लिए नाकाफी साबित हुई. शंकर 31 गेंदों में 54 रन बनाकर नाबाद रहे.

ऋषभ पंत (79, 45 गेंदों में) भी बड़े टारगेट का दबाव नहीं झेल पाए और लुंगी नगिदी ने उनका विकेट हासिल किया, रवींद्र जडेजा कैच लपकने में कामयाब रहे. 162 के स्कोर पर दिल्ली का 5वां विकेट गिरा. 74 रनों के स्कोर पर ग्लेन मैक्सवेल (6) को रवींद्र जडेजा ने अपनी फिरकी से बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई. दिल्ली का चौथा विकेट गिरा.

आसिफ ने दिल्ली के दो शुरुआती विकेट चटकाए

64 के स्कोर पर कप्तान श्रेयस अय्यर (13) रन आउट हो गए. दिल्ली का तीसरा विकेट गिरा. इससे पहले कॉलिन मुनरो (26) को केएम आसिफ ने लौटाया. कर्ण शर्मा ने डीप मिडविकेट पर वह कैच पकड़ा. दिल्ली का 46 के स्कोर पर दूसरा विकेट गिरा. दिल्ली की ओर से कॉलिन मुनरो और पृथ्वी शॉ ने पारी की शुरुआत की. लेकिन, दूसरे ही ओवर में दिल्ली को पहला झटका लगा. 10 रनों के स्कोर पर पृथ्वी शॉ (9) को तेज गेंदबाज आसिफ ने रवींद्र जडेजा के हाथों कैच करवाया.

चेन्नई ने दिल्ली को दिया 212 रनों का टारगेट

चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली डेयरडेविल्स को 212 रनों का लक्ष्य दिया है. आखिरी ओवरों में महेंद्र सिंह धोनी के 22 गेंदों पर नाबाद 51 रनों की धमाकेदार पारी की बदौलत चेन्नई ने 20 ओवरों में 4 विकेट पर 211 रनों का बड़ा स्कोर बनाया. अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर अंबति रायडू रन आउट हो गए. चेन्नई का चौथा विकेट गिरा. रायडू ने 24 गेंदों में 41 रन बनाए. धोनी ने अपनी नाबाद अर्धशतकीय पारी में 5 छक्के और 2 चौके लगाए. चेन्नई की पारी के आखिरी 5 ओवरों में 74 रन बने.

वॉटसन- डु प्लेसिस की शतकीय साझेदारी

130 के स्कोर पर दिल्ली को तीसरा झटका लगा. अमित मिश्रा ने शेन वॉटसन (78) की पारी का अंत किया. लियाम प्लंकेट ने वह कैच लपका. वॉटसन ने 40 गेंदों की पारी में 7 छक्के और 4 चौके लगाए. उन्होंने 25 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया. सुरेश रैना (1) को 103 के स्कोर पर ग्लेन मैक्सवेल ने बोल्ड किया, चेन्नई का दूसरा विकेट गिरा. इससे पहले दिल्ली डेयरडेविल्स को 102 रनों के स्कोर पर पहली सफलता मिली. डु प्लेसिस (33) को विजय शंकर ने ट्रेंट बोल्ट के हाथों लपकवाया. वॉटसन और डु प्लेसिस ने चेन्नई की पारी की शुरुआत की और शतकीय साझेदारी निभाई.

Share This News :