Home > राज्यो से ,slider news,
इस बार 60 दिनों की होगी अमरनाथ यात्रा, 28 जून से शुरुआत

भारी कठिनाइयों, मौसम की परवाह न करते हुए शिवभक्त बाबा बर्फानी के दर्शन करने अमरनाथ गुफा में पहुंचते हैं। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड द्वारा यात्रा की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसका असर श्रद्धालुओं की संख्या पर भी पड़ेगा।

1 मार्च से देशभर के लगभग 437 बैंकों की शाखाओं में यात्री पंजीकरण शुरू हो गया है। पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक और यस बैंक की शाखाओं में जाकर श्रद्धालु पंजीकरण करा सकते हैं। इसके साथ ही 75 वर्ष से अधिक आयु वालों को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।

10 वर्षों में शिवभक्तों के लिए यह पहला मौका होगा, जब यात्रा 60 दिनों की होगी। एक महीने बाद शुरू होने वाली यह यात्रा 28 जून से शुरू होकर 26 अगस्त तक चलेगी। साल 2017 में यह यात्रा 40 दिनों तक चली थी, जिसमें 2.60 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए थे।

अगर इस बार अलगाववादियों एवं कट्टरपंथियों ने अमरनाथ यात्रा के दौरान कोई परेशानी खड़ी नहीं की, तो इस बार श्रद्धालुओं की संख्या 5 लाख तक पहुंच सकती है। दो महीनों का समय होने के कारण यात्रियों की संख्या बढ़ना स्वाभाविक है।

वैसे जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा ने कहा कि अमरनाथ यात्रा पर आने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। शिव भक्तों को यात्रा के दौरान किसी तरह से डरने की जरूरत नहीं है।

Share This News :