Home > राज्यो से ,slider news,
सोशल मीडिया पर वायरल हुई प्रणब की फेक फोटो, शर्मिष्ठा बोलीं- जिसका डर था वही हुआ

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी गुरुवार को नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यक्रम में शामिल हुए. उनके साथ संघ प्रमुख मोहन भागवत भी रहे. यहां प्रणब मुखर्जी ने RSS के स्वयंसेवकों को संबोधित किया और उन्हें राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाया. लेकिन, प्रणब मुखर्जी के कार्यक्रम में शामिल होने के कुछ देर बाद ही उनकी बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने एक तस्वीर ट्वीट की, जो कि प्रणब दा की ही थी.

इस तस्वीर को फोटोशॉप के जरिए ट्रीट किया गया था, जिसमें प्रणब मुखर्जी को संघ के अन्य स्वयंसेवकों की तरह अभिवादन करते हुए दिखाया गया है. हालांकि, प्रणब मुखर्जी ने ऐसा नहीं किया था.

इसी पर शर्मिष्ठा ने लिखा कि जिस बात का उन्हें डर था और अपने पिता को जिस बारे में उन्होंने आगाह किया था, वही हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि जिसका डर था, भाजपा/आरएसएस के ‘‘डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट’’ ने वही किया.बता दें कि प्रणब मुखर्जी के आरएसएस कार्यक्रम में शामिल होने से पहले शर्मिष्ठा मुखर्जी ने इसका विरोध किया था. शर्मिष्ठा ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि उम्मीद है आज कि घटना के बाद प्रणब मुखर्जी इस बात को मानेंगे कि बीजेपी किस हद तक गंदा खेल सकती है.उन्होंने लिखा कि यहां तक ​​कि आरएसएस भी इस बात पर विश्वास नहीं करेगा कि आप अपने भाषण में उनके विचारों का समर्थन करेंगे. उन्होंने कहा कि भाषण तो भुला दिया जाएगा, लेकिन तस्वीरें बनी रहेंगी और उनको नकली बयानों के साथ प्रसारित किया जाएगा.

Share This News :