Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
सात सैनिकों के मारे जाने से बौखलाया पाक, भारत को दी रणनीतिक स्थिति बिगड़ने की गीदड़ भभकी!

इस्लामाबाद। अपने सात सैनिकों के मारे जाने पर पाकिस्तान बौखला गया है। पाकिस्तान ने भारत को गीदड़ भभकी देते हुए कहा कि भारत का ऐसा आक्रामक रवैया स्थिति को और बिगाड़ देगा। पाकिस्तान ने भारत के राजदूत को तलब कर यह चेतावनी दी।

पाकिस्तान ने आज कहा कि नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों द्वारा की गयी गोलीबारी में उसके सात सैनिक मारे गए। पाकिस्तान ने इसे लेकर भारतीय उच्चायुक्त गौतम बंबावाले को तलब किया और चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि भारत का आक्रामक रवैया रणनीतिक स्थिति को बिगाड़ देगा। पाकिस्तानी सेना के एक बयान के अनुसार कल देर रात भिम्बर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों के कथित संघर्ष विराम उल्लंघन में सात पाकिस्तानी सैनिक मारे गए।

सेना ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना किसी उकसावे के भारतीय सैनिकों द्वारा की गयी गोलीबारी का जवाब दिया और भारतीय चौकियों को प्रभावी तरीके से निशाना बनाया। विदेश सचिव ऐजाज चौधरी ने आज शाम को भारतीय उच्चायुक्त को तलब किया और एलओसी पर भारतीय बलों पर बिना उकसावे के संघर्ष विराम उल्लंघन का आरोप लगाते हुए इसकी निंदा की।

एक बयान के मुताबिक विदेश सचिव ने एलओसी और कामकाजी सीमा पर खासतौर पर पिछले दो महीने में भारत की ओर से संघर्ष विराम उल्लंघन का आरोप लगाया और इसकी निंदा की। बयान के अनुसार उन्होंने कहा कि भारतीय बलों का यह आक्रामक रवैया क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है और इससे रणनीतिक स्थिति बिगड़ सकती है।

विदेश सचिव ने भारतीय उच्चायुक्त से भारत की सरकार को यह संदेश पहुंचाने को कहा कि उसे बिना उकसावे के गोलीबारी रोकनी चाहिए और संघर्ष विराम का पालन करना चाहिए। बयान में उनके हवाले से कहा गया कि पाकिस्तान संयम की नीति अपना रहा है जिसे कमजोरी का संकेत नहीं माना जाना चाहिए।

Share This News :