Home > राज्यो से ,slider news,
दिल्ली पहुंचीं ममता, 3 मुख्यमंत्रियों के साथ केजरीवाल से मिलने LG के घर जाएंगी

आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल के धरने का समर्थन करने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दिल्ली पहुंच चुकी हैं. उन्होंने दिल्ली स्थित आंध्र प्रदेश भवन पहुंचकर चंद्र बाबू नायडू से मुलाकात की.

इसके बाद तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के लिए रवाना हो गई हैं, जहां वो केजरीवाल की उनकी पत्नी से मुलाकात करेंगी. यहां आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा इन सभी मुख्यमंत्रियों को रिसीव करेंगे.

इसके बाद चारो मुख्यमंत्री उप राज्यपाल अनिल बैजल के आवास जाएंगे, जहां पिछले छह दिन से धरने पर बैठे अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करेंगे.

ये सभी मुख्यमंत्री दिल्ली के उप राज्यपाल के कार्यालय में अपनी मांगों के पक्ष में दबाव बनाने के लिए धरना पर बैठे मुख्मयंत्री अरविंद केजरीवाल का समर्थन करने आए हैं. शनिवार को चारो मुख्यमंत्रियों ने उप राज्यपाल अनिल बैजल को खत लिखकर रात नौ बजे मुलाकात करने का समय मांगा है.

इससे पहले ममता बनर्जी ने ट्वीट कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का समर्थन किया था. उन्होंने ट्वीट किया था, ‘दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल देश की राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों से उप राज्यपाल के कार्यालय में बैठे हैं. निर्वाचित मुख्यमंत्री को अवश्य ही उचित सम्मान मिलना चाहिए.’

ममता ने ट्विटर पर लिखा, ‘मैं भारत सरकार और दिल्ली के उप राज्यपाल से समस्या का तत्काल समाधान करने की अपील करती हूं, ताकि लोगों को परेशानी न हो.’

सोमवार शाम को दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मंत्री गोपाल राय और मंत्री सत्येंद्र जैन उप राज्यपाल अनिल बैजल से मिले थे और उन्होंने तय किया था कि जब तक उनकी मांगों पर विचार नहीं किया जाता है, तब तक वो यहां धरना पर बैठे रहेंगे.

इनका कहना है कि दिल्ली के आईएएस अधिकारियों को हड़ताल समाप्त करने का निर्देश और चार महीने से काम का बहिष्कार कर रहे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई समेत उनकी मांगों पर जब तक विचार नहीं किया जाता है, तब तक वो वहीं डटे रहेंगे.

ये हैं केजरीवाल एंड कंपनी की 3 मांगें

- उप राज्यपाल खुद IAS अधिकारियों की गैरकानूनी हड़ताल तुरंत खत्म कराएं, क्योंकि वो सर्विस विभाग के मुखिया हैं.

- काम रोकने वाले IAS अधिकारियों के खिलाफ सख्त एक्शन लें.

- राशन की डोर-स्टेप-डिलीवरी की योजना को मंजूर करें.

LG आवास पर बढ़ाई गई सुरक्षा

वहीं, उप राज्यपाल के आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. एलजी आवास के पास बैरिकेडिंग लगाई गई है. हालांकि पुलिस के पास किसी नेताओं के आने की आधिकारिक जानकारी नहीं है.

Share This News :