Homeखेल ,
ICC ने श्रीलंकाई कप्तान दिनेश चांडीमल को बॉल टेंपरिंग का दोषी पाया

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने रविवार को कहा कि श्रीलंका के कप्तान दिनेश चांडीमल पर वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में गेंद की स्थिति में बदलाव करने का आरोप है. श्रीलंका के कप्तान दिनेश चांडीमल पर आईसीसी आचार संहिता के लेवल 2.2.9 के उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है.

यह उल्लंघन गेंद की स्थिति को बदलने से संबंधित है. जिस तरह ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज केमरन बैनक्रॉफ्ट के खिलाफ मार्च में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गेंद पर सैंडपेपर के टुकड़े को रगड़ने का आरोप था.

बता दें कि तीसरे दिन अंपायरों ने श्रीलंका के खिलाड़ियों को गेंद को खराब तरीके से चमकाने के कारण पांच रन पेनल्टी और गेंद बदलने का फैसला लिया था.

श्रीलंका के खिलाड़ियों ने अंपायरों के निर्णय का विरोध करते हुए मैदान पर उतरने से मना कर दिया था और खेल देरी से शुरू हुआ. खेल शुरू होने से पहले कप्तान को अंपायरों के साथ लंबी चर्चा करते हुए देखा गया था. इसके अलावा टीम मैनेजमेंट भी मैच अधिकारियों से चर्चा करते हे नजर आए और खेल में काफी देरी हुई.

अंपायर अलीम डार और इयान गाउल्ड उस गेंद की स्थिति से संतुष्ट नहीं थे, जिसका उपयोग दूसरे दिन के खेल के आखिर में किया गया था. अंपायर ने श्रीलंकाई टीम से कहा कि वे इस गेंद से खेल आगे जारी नहीं रख सकते.

इसके बाद श्रीलंकाई कप्तान दिनेश चांडीमल की अगुवाई में टीम ने मैदान पर उतरने से मना कर दिया. वेस्टइंडीज को श्रीलंका के 253 रन के जवाब में अपनी पहली पारी दो विकेट पर 118 रन से आगे बढ़ानी थी.

Share This News :