Homeखेल ,
लॉर्ड्स वनडे में भारत की हार, इंग्लैंड ने 86 रनों से दी मात

टीम इंडिया को इंग्लैंड के हाथों लॉर्ड्स के मैदान पर खेले गए दूसरे वनडे में 86 रनों से हार का सामना करना पड़ा है. इसी के साथ ही मेजबान टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट गंवा कर 322 रन बनाए और टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 323 रनों का टारगेट रखा.

जवाब में भारतीय टीम 50 ओवर में 236 रन पर ढेर हो गई और इंग्लैंड ने मैच अपने नाम कर लिया. टीम इंडिया के लिए सुरेश रैना ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए जबकि कप्तान विराट कोहली ने 45 रनों की पारी खेली. इसके अलावा पूर्व कप्तान धोनी ने 37 रनों की धीमी पारी खेली. इस दौरान उन्होंने वनडे में अपने 10,000 रन भी पूरे किए. इंग्लैंड की तरफ से लियाम प्लंकेट ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट गंवा कर 322 रन बनाए और टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 323 रनों का टारगेट रखा. इंग्लैंड की तरफ से जो रूट ने अपने वनडे करियर का 12वां शतक जड़ते हुए 116 गेंदों में 113 रनों की पारी खेली. इसके अलावा डेविड विली ने अंत में 31 गेंदों में 50 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली.

रूट ने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया. कप्तान इयोन मॉर्गन ने 51 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 53 रनों की पारी खेली. जेसन रॉय ने 40 और जॉनी बेयरस्टॉ ने 38 रनों का योगदान दिया.

रूट ने कप्तान मॉर्गन के साथ 103 रनों की साझेदारी की और जब टीम अंत में फंस रही थी तब विली के साथ छठे विकेट के लिए 83 रन जोड़े. टीम इंडिया के लिए कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए.उमेश यादव, हार्दिक पांड्या, युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट लिए.

इंग्लैंड को मिली अच्छी शुरुआत

जॉनी बेयरस्टॉ (38) और जेसन रॉय (40) ने टीम को मजबूत शुरुआत दी. दोनों ने मिलकर 10.2 ओवरों में 69 जोड़े. पिछले मैच में इंग्लिश बल्लेबाजों को परेशान करने वाले कुलदीप ने इस बार भी अपने काम को बखूबी अंजाम दिया. 

11वें ओवर में कप्तान विराट कोहली ने अपने तुरुप के इक्के कुलदीप यादव को गेंद थमाई और कुलदीप ने भी कप्तान को निराश नहीं किया और अपने पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर खतरनाक दिख रहे जॉनी बेयरस्टॉ को पवेलियन लौटा दिया.

कुलदीप यादव की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने के चक्कर में बेयरस्टॉ क्लीन बोल्ड हो गए. बेयरस्टॉ 38 रन बनाकर आउट हुए उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और एक छक्का लगाया.

15वें ओवर में कुलदीप यादव ने पहली ही गेंद पर जेसन रॉय का अहम विकेट चटका दिया. कुलदीप यादव ने उन्हें उमेश यादव के हाथों बॉउंड्री लाइन पर कैच आउट करा पवेलियन लौटा दिया. रॉय 40 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और एक छक्का लगाया.

कुलदीप हालांकि इस मैच में रन ज्यादा दे रहे थे. इंग्लिश बल्लेबाज उनके खिलाफ होमवर्क करके आए थे इस बात का अंदाजा मॉर्गन और रूट के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई शतकीय साझेदारी से चला. यह दोनों बिना मुश्किल कुलदीप को खेल रहे थे.

इस साझेदारी को भी हालांकि कुलदीप ने ही तोड़ा. उन्होंने 189 के कुल स्कोर पर मॉर्गन को चलता किया. बेन स्टोक्स (5) को हार्दिक पंड्या ने रूट के साथ खड़े नहीं होने दिया. इस बीच उमेश यादव ने जोस बटलर (4) और युजवेंद्र चहल ने मोईन अली (13) को आउट कर इंग्लैंड को लगातार झटके दे थोड़ा परेशानी में डाल दिया.

मेजबान टीम हालांकि दवाब में नहीं आई. रूट को अंत में विली का साथ मिला. दोनों ने मिलकर टीम को एक मजबूत स्कोर प्रदान किया. विली ने अंत में तेजी से 31 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से अपना पहला अर्धशतक जड़ा.

भारत के लिए कुलदीप ने तीन सफलताएं हासिल कीं. उनके अलावा पंड्या, उमेश और चहल को एक-एक विकेट मिला. सिद्धार्थ कौल इस मैच में भी अपना खाता नहीं खोल पाए.इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है और टीम इंडिया को गेंदबाजी दी है. दोनों टीमों में कोई बदलाव नहीं हुआ है.

Share This News :