Homeराज्यो से ,
मजीठिया मानहानि मामले में केजरीवाल, संजय सिंह और आशीष खेतान पर आरोप तय

चंडीगढ़। पंजाब के कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के मानहानि के मामले में अमृतसर की अदालत में अहम सुनवाई हुई। अदालत में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेताओं संजय सिंह और आशीष खेतान पर आरोप तय कर दिए गए हैं।

पंजाब के कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी के नेताओं आशीष खेतान और संजय सिंह पर उनके और उनके परिवार पर नशे बेचने, नशे के तस्करों का साथ देने के जो आरोप कई रैलियों में लगाए थे, उसके खिलाफ अमृतसर की अदालत में आपराधिक मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाया गया था। इसी मुकदमे की सुनवाई करते हुए अदालत ने अरविंद केजरीवाल, आशीष खेतान और संजय सिंह के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। इस मामले की अगली सुनवाई 4 जनवरी को होगी।

अदालत ने अरविंद केजरीवाल संजय सिंह और आशीष खेतान को इस मामले में नोटिस जारी कर दिए है। कोर्ट की तरफ से अरविंद केजरीवाल, आशीष खेतान और संजय सिंह पर आरोप तय हो जाने के बाद से आम आदमी पार्टी की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। हालांकि कोर्ट की तरफ से आरोप तय करने के बाद कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया आक्रामक हो गए और उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके केजरीवाल पर जमकर हमला बोला।

मजीठिया ने कहा कि पंजाब में राजनीतिक फायदा उठाने के लिए उनके परिवार पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने अरविंद केजरीवाल के इशारे पर मनगढ़त आरोप लगाए हैं। ये आरोप बिल्कुल निराधार हैं और जल्द ही उन्हें अदालत से इस मामले में इंसाफ मिलेगा।

मजीठिया ने अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर से चैलेंज करते हुए कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल के आरोप सही है तो फिर क्यों नहीं अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी अदालत में इस बात की हामी भरती कि इस मामले की सुनवाई डे-टू-डे बेसिस पर फॉस्ट ट्रैक कोर्ट में करवाई जाएं।

Share This News :