Homeखेल ,
IND vs ENG: पहले दिन अश्विन की फिरकी में फंसे अंग्रेज, स्टंप्स तक स्कोर 285/9

टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जा रहा है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में दिन का खेल खत्म होने तक 9 विकेट गंवा कर 285 रन बना लिए हैं. जेम्स एंडरसन (0 रन) और सैम कुरेन (24 रन) क्रीज पर हैं. इंग्लैंड की ओर से कप्तान जो रूट ने 80 जबकि जॉनी बेयरस्टॉ ने 70 रन की पारी खेली. भारत की तरफ से रविचंद्रन अश्विन ने चार जबकि मोहम्मद शमी ने दो विकेट चटकाए. इसके अलावा उमेश यादव और ईशांत शर्मा को 1-1 विकेट मिला.

इंग्लैंड की टीम एक समय कप्तान जो रूट (80) और जानी बेयरस्टा (70) के अर्धशतकों और दोनों के बीच चौथे विकेट की 104 रन की साझेदारी की से मजबूत स्थिति में थी, लेकिन भारत अपने गेंदबाजों की बदौलत जोरदार वापसी करने में सफल रहा. रूट ने सलामी बल्लेबाज कीटोन जेनिंग्स (42) के साथ भी दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की. दिन का खेल खत्म होने पर सैम कुरेन 24 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि जेम्स एंडरसन ने अभी खाता नहीं खोला है.

इंग्लैंड की पारी

भारत के लिए नई गेंद से आक्रमण की शुरुआत उमेश यादव और ईशांत शर्मा ने की. ईशांत अच्छी लय में दिखे. बाएं हाथ के बल्लेबाजों कुक और जेनिंग्स को ईशांत की बाहर की ओर मूव होती गेंदों के खिलाफ परेशानी का सामना करना पड़ा.

जेनिंग्स जब नौ रन बनाकर खेल रहे थे तब ईशांत की गेंद ने उनके बल्ले का किनारा लिया लेकिन स्लिप में उप कप्तान अजिंक्य रहाणे मैच लपकने में नाकाम रहे.

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने सबको हैरान करते हुए सातवें ओवर में ही अश्विन को गेंदबाजी आक्रमण में लगा दिया. यह बड़ा हैरानी भरा फैसला था. लेकिन पारी के 9वें ओवर ने अश्विन ने कप्तान का फैसला सही साबित करते हुए इंग्लैंड की टीम को पहला झटका दे दिया. उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज एलिस्टेयर कुक को बोल्ड कर दिया. कुक 13 रन बनाकर आउट हुए.

इसी के साथ ही अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में एलिस्टेयर कुक को आठवीं बार पवेलियन की राह दिखाई. भारत के वह दूसरे गेंदबाज बन गए जिन्होंने कुक को 8 बार आउट किया. इससे पहले ईशांत शर्मा यह कारनामा कर चुके हैं.

कुक के आउट होने के बाद रूट शुरुआत से ही अच्छी लय में दिखे. उन्होंने कुछ अच्छी बाउंड्री लगाई और लय इंग्लैंड के पक्ष में की. मोहम्मद शमी दूसरे बदलाव के तौर पर गेंदबाजी के लिए आए. उन्होंने सटीक गेंदबाजी की लेकिन उनकी गेंदबाजी में विकेट हासिल करने वाली धार नदारद दिखी.

इंग्लैंड की पारी के 36वें ओवर में मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया को दूसरी सफलता दिलाई. शमी ने ओपनिंग बल्लेबाज केटन जेनिंग्स को बोल्ड कर दिया. जेनिंग्स 42 रन बनाकर आउट हुए उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके लगाए. दूसरे विकेट के लिए रूट ने जेनिंग्स के साथ मिलकर 72 रनों की साझेदारी की. 40वें ओवर में मोहम्मद शमी ने डेविड मलान को एलबीडब्ल्यू आउट कर इंग्लैंड को तीसरा झटका दे दिया. डेविड मलान 8 रन बनाकर आउट हुए.

कप्तान रूट इस बीच अश्विन की गेंद पर 39 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब गेंद ने उनके बल्ले का बाहरी किनारा लिया लेकिन पहली स्लिप में खड़े रहाणे इसे लपकने में नाकाम रहे और गेंद चार रन के लिए चली गई. इस चौके के साथ 70वां टेस्ट खेल रहे रूट छह हजार रन पूरे करने वाले इंग्लैंड के 15वें बल्लेबाज बने.

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को दी गेंदबाजी

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है और टीम इंडिया को पहले गेंदबाजी दी है. विराट कोहली ने भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन से चेतेश्वर पुजारा को बाहर रखा है और उनकी जगह लोकेश राहुल को मौका दिया है.

कोहली ने लोकेश राहुल, शिखर धवन और मुरली विजय के रूप में तीन सलामी बल्लेबाज शामिल किए हैं. कोहली ने सिर्फ एक स्पिनर रवीचंद्रन अश्विन को टीम में चुना है.

Share This News :