Homeराज्यो से ,slider news,
पाकिस्तान ने राजौरी में नियंत्रण रेखा के इलाकों में की गोलाबारी

पाकिस्तानी सेना ने जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नौशेरा और सुंदरबनी सेक्टरों में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास भारतीय चौकियों और रिहायशी बस्तियों पर मोटार्र बम दागे एवं छोटे हथियारों से गोलीबारी की जिससे एक महिला घायल हो गई एवं दो मकान ध्वस्त हो गए। भारतीय सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। सुंदरबनी में की गई गोलीबारी आज छह घंटे से कम समय में पाकिस्तान की तरफ से दूसरा संघर्षविराम उल्लंघन है।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि नौशेरा सेक्टर के खंबा गांव में पाकिस्तानी सेना द्वारा दागे गए मोटार्र में शांति देवी (55) नामक एक महिला घायल हो गई तथा दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए। उन्होंने बताया कि घायल महिला को इलाज के लिए नौशेरा के उपजिला अस्पताल ले जाया गया।

आज सुबह पाकिस्तानी सेना ने नौशेरा सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया। फिर अपराहन उसने सुंदरबनी सेक्टर में भारतीय चौकियों एवं रिहायशी इलाकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने सुबह साढ़े दस बजे नौशेरा सेक्टर में बिना किसी उकसावे के 120 मिमी के मोर्टार तथा छोटे हथियारों का इस्तेमाल कर संघर्षविराम उल्लंघन किया। पाकिस्तान की ओर से की जा रही गोलीबारी का हमारी सेना समुचित जवाब दे रही है।

प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान सेना ने दो बजकर 10 मिनट पर सुंदरबनी में संघर्षविराम उल्लंघन किया और 120 मिमी के मोटार्र दागे तथा स्वचालित छोटे हथियारों से गोलीबारी की। हमारे सैनिकों ने करारा जवाब दिया। बृहस्पतिवार को पाकिस्तानी सेना ने जम्मू जिले के पल्लनवाला सेक्टर में नियंत्रण रेखा के समीप भारतीय चौकियों एवं गांवों को निशाना बनाया था।

पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को राजौरी में नियंत्रण रेखा के समीप चार घंटे तक भारतीय चौकियों पर गोलीबारी एवं गोलाबारी की। भारतीय सैन्यबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी पैडों पर 29 सितंबर के लक्षित हमले के बाद से जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा एवं अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान सैनिकों की ओर से गोलीबारी एवं गोलाबारी की 286 घटनाएं हो चुकी हैं जिनमें 14 सुरक्षाकर्मियों समेत 26 लोगों की जान चली गई।

Share This News :