Home > राज्यो से ,slider news,
करुणानिधि को राष्ट्रीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई, मरीना बीच पर किया दफन

तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और DMK प्रमुख एम. करुणानिधि का राष्ट्रीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया है. उनको मरीना बीच में दफना दिया गया है. बुधवार को करुणानिधि की अंतिम यात्रा में काफी संख्या में लोग शामिल रहे. बता दें कि मंगलवार शाम चेन्नई के कावेरी अस्पताल में 94 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था.

करुणानिधि के निधन से तमिलनाडु समेत पूरे देश में शोक की लहर है. राज्य में एक दिन का अवकाश और सात दिन का शोक घोषित किया गया है. करुणानिधि के निधन की खबर आते ही डीएमके समर्थक सड़कों पर रोते और बिलखते नजर आए. करुणानिधि के परिजनों ने मरीना बीच में उनको श्रद्धांजलि दी.


- करुणानिधि को राजकीय सम्मान देने के लिए मरीना बीच पर तैयारियां की जा रही हैं.

- करुणानिधि की आखिरी यात्रा मरीना बीच के पास पहुंच चुकी है. स्टालिन भी बीच पर पहुंचे.

- सेना के वाहन में ले जाया जा रहा है करुणानिधि का शव. स्टालिन समेत पार्टी के उच्च पदाधिकारी इस वाहन के पीछे चल रहे हैं.

- करुणानिधि की अंतिम यात्रा में उनके समर्थक 100 फीट लंबा बैनर लेकर चल रहे हैं, जिस पर करुणानिधि का चित्र बना हुआ है.

 

- अंतिम दर्शन के लिए चेन्नई पहुंचे समर्थक बेकाबू भी हो गए, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.

- करुणानिधि को मरीना बीच ले जाया जा रहा है.

 

इससे पहले करुणानिधि को दफनाने को लेकर विवाद भी हुआ. करुणानिधि की पार्टी और उनके समर्थकों ने मांग की कि उन्हें चेन्नई के मशहूर मरीना बीच पर दफनाया जाए और उनका समाधि स्थल भी बने, लेकिन तमिलनाडु सरकार ने ऐसा करने से इनकार किया था. इसी को लेकर आज सुबह मद्रास हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. मद्रास उच्च न्यायालय ने बुधवार को दिवंगत द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) नेता व तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि पार्थिव शरीर को मरीना बीच पर दफनाए जाने की अनुमति दे दी.

 

DMK के वकील ने बताया कि हाईकोर्ट ने करुणानिधि का अंतिम संस्कार मरीना बीच पर करने की अनुमति दे दी है. इसके अलावा कोर्ट ने आदेश दिया है कि तमिलनाडु सरकार उनका मेमोरियल भी बनाए.

सुनवाई में क्या हुआ...?

कोर्ट में सुनवाई के दौरान तमिलनाडु सरकार ने डीएमके की मांग के खिलाफ हलफनामा दिया है. सरकार की ओर से कहा गया कि हमने दो एकड़ जमीन और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करने का वादा किया है.

मद्रास हाईकोर्ट में पिछले साल डाली गई सभी 6 याचिकाओं को खारिज किया गया है. इन याचिकाओं में मरीना बीच पर किसी भी तरह के समाधि स्थल बनाने का विरोध किया गया था. एक्टिविस्ट ट्रैफिक रामास्वामी ने कहा कि अगर करुणानिधि को मरीना बीच पर दफनाया जाता है, तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है.

तमिलनाडु सरकार ने मरीना बीच पर जमीन देने से किया इनकार

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान तमिलनाडु सरकार ने कहा कि जब करुणानिधि मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने जानकी रामाचंद्रन को भी मरीना बीच पर जगह नहीं दी थी. डीएमके सरकार द्वारा जारी प्रेस रिलीज़ का विरोध नहीं कर सकती है. आपको बता दें कि जानकी रामाचंद्रन सात जनवरी 1988 से 30 जनवरी 1988 तक तमिलनाडु की मुख्यमंत्री रही हैं.

तमिलनाडु सरकार की ओर से सीएस वैद्यनाथन ने कहा कि पेरियार द्रविड़ आंदोलन के सबसे बड़े नेता थे, लेकिन क्या उन्हें मरीना बीच पर दफनाया गया?

DMK की ओर से कहा गया कि तमिलनाडु की जनसंख्या सात करोड़ है और एक करोड़ डीएमके फॉलोवर्स हैं. अगर करुणानिधि को मरीना बीच पर नहीं दफनाया गया, तो सभी समर्थक नाराज होंगे. उन्होंने कहा कि करुणानिधि, अन्ना के करीबी थे. वो उन्हें अपनी जिंदगी मानते थे. अगर ऐसे में हम उन्हें गांधी मंडपम में दफनाएंगे तो ये ठीक नहीं होगा.

सुनवाई के दौरान जस्टिस एसएस सुंदर ने कहा कि इस बारे में करुणानिधि के परिवार ने हाईकोर्ट में अपील नहीं की है. BJP नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने इस बीच कहा कि किसी नेता के कद के अनुसार मरीना बीच पर अंतिम संस्कार तय नहीं हो सकता. पहले भी ऐसे कई नेता हैं, जिनका अंतिम संस्कार या मेमोरियल वहां नहीं है.

 

Share This News :