Home > राज्यो से ,slider news,
सिद्धू के पाक दौरे से नाराज शहीदों के परिजनों ने राहुल गांधी से मांगा जवाब

चंडीगढ़। स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा पाक आर्मी चीफ कमर जावेद बाजवा से गले मिलने के बाद शहीद सैनिकों के परिजनों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। परिजनों ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से जवाब मांगा है कि वे सिद्धू के बारे में स्थिति स्पष्ट करें।

तरनतारन के गांव वेई पुई के शहीद सूबेदार परमजीत सिंह के परिजनों सहित कुछ और शहीदों के परिजनों ने प्रेस कांफ्रेंस करके कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपना दर्द बयां किया है लेकिन सिद्धू के खिलाफ उनको कार्रवाई करनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि पहली मई २०१७ को परमजीत सिंह पाकिस्तानी जवानों के हमले में मारे गए थे। बाद में पाक जवानों ने उनका सिर काट लिया था।

शहीदों के परिजनों ने सवाल किया कि पाकिस्तान में नवजोत सिद्धू ने बाजवा को जफ्फी किस खुशी में डाली, बाजवा हमारे जवानों के खून से अपनी प्यास बुझा रहा है। सिद्धू ने उस आर्मी चीफ को गले लगाया जिसकी गोली से हमारे बेटे मारे गए। सिद्धू जब हमारे घरों में आते हैं तो कोई और भाषा बोलते हैं और पाकिस्तान जाकर कुछ और भाषा बोलते हैं।

उन्होंने पूछा कि पाकिस्तान के राष्टीय चिह्न को सैल्यूट करना क्या सिद्धू को शोभा देता है। हमारे जवान जब अपनी छाती पर गोली खाते हैं और जब तिरंगे में लिपटा हुआ उनका पार्थिव शरीर आता है तो क्या सिद्धू साहब को वो मंजर याद नहीं आता?

Share This News :