Homeखेल ,
इंग्लैंड ने भारत के सामने रखा 245 का टारगेट

साउथम्पटन। इंग्लैंड ने रविवार को भारत के सामने चौथे टेस्ट मैच में जीत के लिए 245 रनों का टारगेट रखा। इंग्लैंड की दूसरी पारी चौथे दिन 271 पर समाप्त हुई।

इंग्लैंड ने चौथे दिन 260/8 से आगे खेलना शुरू किया और शमी ने पहली ही गेंद पर स्टुअर्ट ब्रॉड को रिषभ पंत के हाथों झिलवाया। सैम कुरैन 46 रन बनाकर रन आउट हुए। अश्विन की गेंद को कुरैन ठीक से खेल नहीं पाए और लेग बाई के रूप में दूसरा रन लेने के प्रयास में रन आउट हुए। उन्होंने 83 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 46 रन बनाए। मोहम्मद शमी ने 57 रनों पर 4 विकेट लिए। ईशांत शर्मा ने 36 रनों पर 2 विकेट लिए। बुमराह और अश्विन को 1-1 विकेट मिले।

इंग्लैंड ने तीसरे दिन बिना किसी नुकसान के 7 रनों से आगे खेलना शुरू किया। कुक ने जैनिंग्स के साथ 24 रन ही जोड़े थे कि बुमराह की गेंद पर वो स्लिप में राहुल को कैच थमा बैठे। राहुल ने तीसरे प्रयास में कैच लपका। अभी टीम का स्कोर 33 तक ही पहुंचा था कि ईशांत की गेंद पर राहुल ने मोईन (9) का कैच लपका। शमी ने पहले सत्र के अंतिम ओवर में जैनिंग्स (36) को एलबीडब्ल्यू किया। शमी ने दूसरे सत्र की पहली गेंद पर जॉनी बेयरस्टो को बगैर खाता खोले पैवेलियन लौटा दिया।

इंग्लैंड को कप्तान रूट से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वे 48 रन बनाकर रन आउट हुए। स्टोक्स ने इशांत की गेंद को मिड-ऑन की तरफ खेला और रन के लिए दौड़े, शमी ने गेंद कलेक्ट कर स्ट्राइकर छोर पर डायरेक्ट थ्रो पर रूट को रन आउट कर दिया। इसके बाद अश्विन ने स्टोक्स (30) को रहाणे के हाथों झिलवाया।

स्टोक्स और बटलर ने छठे विकेट के लिए 56 रन जोड़े। बटलर 69 रन बनाने के बाद ईशांत की गेंद पर एलबीडब्ल्यू दिए गए, इंग्लैंड ने इस पर रिव्यू लिया लेकिन फैसला बरकरार रहा। शमी ने आदिल रशीद (11) को विकेटकीपर रिषभ पंत के हाथों झिलवाया। शमी ने आदिल रशीद (11) को विकेटकीपर रिषभ पंत के हाथों झिलवाया। शमी सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने 53 रनों पर 3 विकेट लिए। ईशांत को 2 विकेट मिले, जबकि अश्विन और बुमराह को 1-1 विकेट मिले।

इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी के 246 रनों के जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में चेतेश्वर पुजारा के नाबाद 132 रन की पारी के दम पर 273 रन बनाए थे। मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड के स्पिनर मोईन अली ने घातक गेंदबाजी की और पांच भारतीय बल्लेबाजों को पैवेलियन का रास्ता दिखाया था। वहीं भारतीय बल्लेबाज पुजारा ने नाबाद शतकीय पारी खेलकर भारत को अहम बढ़त दिलाई थी।

 

Share This News :