Home > राज्यो से ,slider news,
आयुष्मान भारत योजना लॉन्च पर बोले PM- ये मोदी केयर नहीं, दरिद्र नारायण की सेवा है

दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना-आयुष्मान भारत का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को झारखंड की राजधानी रांची से किया. इस योजना के जरिए देश के 50 करोड़ को स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा.

योजना का शुभारंभ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस योजना का आंकलन भविष्य में मानवता की बहुत बड़ी सेवा के रूप में होना तय है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग इसे मोदी केयर कह रहे हैं, तो कुछ लोग गरीबों के लिए योजना कह रहे हैं. लेकिन मेरे लिए यह 'दरिद्र नारायण' की सेवा है. पीएम ने कहा कि यूरोपीय संघ, अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की जनसंख्या को मिलाकर भी ज्यादा भारतवासियों को एक साथ इस योजना का लाभ मिलने जा रहा है.

सरकारी के साथ निजी अस्पतालों में भी होगा इलाज

पीएम मोदी ने कहा कि 1300 गंभीर बीमारियों का इलाज सरकारी ही नहीं निजी अस्पताल में होगा. साथ ही यदि किसी को पहले से भी कोई बीमारी है तो उसको भी इस आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभ मिलेगा.

आरोग्य मित्र करेंगे लाभार्थियों की मदद

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आरोग्य मित्र इस योजना का लाभ दिलाने में लाभार्थियों का सहयोग करेंगे. यह आरोग्य मित्र मरीजों की अस्पताल में भर्ती से लेकर उनकी छुट्टी तक उनकी साथ देंगे, ताकि इसका लाभ लेने में उन्हें कोई दिक्कत न हो. साथ ही इस योजना से आंगनवाड़ी और एएनएम बहनों को भी जोड़ा गया है. उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत आने वाले राज्य के नागरिक इसका लाभ अन्य राज्यों में भी ले सकते हैं.

Share This News :