Home > राज्यो से ,slider news,
ये हैं वो 5 जज, जिन्होंने सुनाया आधार पर ऐतिहासिक फैसला

आधार कार्ड की अनिवार्यता को लेकर सुप्रीम कोर्ट के पांच जजों की पीठ अपना फैसला सुना रही है. इन पांच जजों में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया दीपक मिश्रा समेत चार और जज हैं. आइए जानते हैं पीठ में शामिल सभी जजों के बारे में.

दीपक मिश्रा
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया दीपक मिश्रा इस बैंच की अध्यक्षा कर रहे हैं. वे 27 अगस्त, 2017 को पूर्व मुख्य न्यायाधीश जे एस खेहर के रिटायर होने के बाद भारत के 45वें चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया बने. उन्होंने भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में 28 अगस्त 2017 को शपथ ग्रहण की थी और उनका कार्यकाल 2 अक्टूबर, 2018 को समाप्त हो जाएगा. उनके कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण फैसले दिए गए हैं, जिसमें समलैंगिकता, आधार आदि प्रमुख है.

जस्टिस एकके सीकरी
एकके सीकरी का पूरा नाम अर्जन कुमार सीकरी है. सीकरी ने सुप्रीम कोर्ट के जज के तौर पर 12 अप्रैल 2013 को शपथ ली थी. इससे पहले उन्होंने पंजाब हाईकोर्ट और हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के तौर पर अपनी सेवाएं दीं. 7 मार्च 1954 को पैदा हुए जस्टिस सीकरी को बार काउंसिल ऑफ दिल्ली ने 1977 में वकील के तौर पर नामित किया था जिसके बाद उन्होंने दिल्ली में अपनी प्रैक्टिस शुरू की. इसके अलावा 1994-95 के दौरान दिल्ली हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष भी रहे हैं. अपने कार्यकाल में उन्होंने कई ऐतिहासिक फैसले भी दिए हैं. जस्टिस सीकरी इच्छा मृत्यु को सशर्त अनुमति देने का ऐतिहासिक फैसला देने वाली सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक पीठ का भी हिस्सा रहे थे.

ए एम खानविलकर
ए एम खानविलकर का पूरा नाम अजय माणिकराव खानविलकर हैं. वे मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रह चुके हैं. उन्हें 29 मार्च 2000 को बॉम्बे हाईकोर्ट में एडिशनल जज के तौर पर नियुक्त किया गया था और 8 अप्रैल 2002 को पर्मानेंट जज बनाया गया.  उसके बाद वे हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस और उसके बाद 2013 में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के जज बने. वहीं 13 मई 2016 को उन्हें सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में चुना गया. 

जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़
धनंजय यशवंत चंद्रचूड़ को 13 मई 2016 को भारत के सुप्रीम कोर्ट में जज के रुप पर नियुक्त किया गया था. उनके पिता यशवंत विष्णु चंद्रचूड़ भारत के सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे. देश और विदेश में पढ़ाई करने वाले चंद्रचूड़ ने बॉम्बे हाईकोर्ट में अपने करियर की शुरुआत की और बाद में साल वे एडिशनल सोलिस्टर जनरल ऑफ इंडिया नियुक्त हुए थे. वे इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश भी रहे और मई 2016 में वे सुप्रीम कोर्ट जज बने. 

अशोक भूषण
अशोक भूषण सुप्रीम कोर्ट के जज नियुक्त होने से पहले वे केरल हाईकोर्ट के 31वें चीफ जस्टिस रहे थे. उत्तर प्रदेश में जन्में अशोक भूषण ने 1979 में वकालत करना शुरू किया था और 24 अप्रैल 2001 को इलाहबाद हाईकोर्ट का जज बनाया गया और उन्होंने कई कमिटियों की अध्यक्षता भी की. उसके बाद भूषण केरल हाईकोर्ट के जज नियुक्त हुए और उन्हें 13 मई को सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त किया गया. 

Share This News :