Home > राज्यो से ,slider news,
शहर और गांव के बीच बढ़ती खाई को पाटना जरूरी: उपराष्ट्रपति

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने ग्वालियर में शनिवार को डिजिटल कक्षाओं का शुभारम्भ करते हुए कहा कि आज भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है और डिजिटल क्रांति इसमें बड़ा रोल निभा रही है।कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय सांसद और केंद्रीय पंचायती राज और ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने की।

 

 

ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में स्थित फेसिलिटेशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति ने 76 ग्रामीण स्कूलों की 100 डिजिटल कक्षाओं का शुभारंभ किया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि हमें मां, जन्मभूमि, मातृ भाषा, देश और गुरु को कभी नहीं भूलना चाहिए। इनके बिना हमारा जीवन व्यर्थ है। उन्होंने कहा कि आज सबसे अधिक आवश्यकता शहर और गांव के बीच बढ़ती खाई को पाटने की है। लोग गांव से शहर की तरफ भाग रहे हैं इसलिए हमें विकास को गांव तक पहुंचाना होगा।


केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के प्रयासों की तारीफ करते हुए उप राष्ट्रपति ने कहा कि आज श्री तोमर के प्रयासों से ग्वालियर के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को क्वालिटी एजुकेशन मिलेगी। और श्री तोमर का प्रयास दूसरों को भी प्रेरणा देगा।

 

मंच पर उप राष्ट्रपति और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के अलावा प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया, नगरीय विकास और आवास मंत्री माया सिंह, महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजबल सिंह यादव, हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सीईओ सुनील दुग्गल और मुस्कान फाउंडेशन के अभिषेक दुबे भी उपस्थित थे।

Share This News :