Home > राज्यो से ,slider news,
ADG बोले- मुख्य आरोपी योगेश राज की तलाश जारी

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गोकशी को लेकर हुई हिंसा के मामले में यूपी पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अब तक की जानकारी दी है। एडीजी आनंद कुमार ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में योगेश राज को मुख्य आरोपी बनाया गया है लेकिन उसके संगठन को लेकर कोई पुष्टि नहीं हो पाई है।

उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सुबोध कुमार को पहले पत्थर लगा, घायल सुबोध को साधी अस्पताल ले जाने लगे लेकिन भीड़ ने घेर लिया और गाड़ी पर हमला किया। इस दौरान वहां गोली चली। फिलहाल इसकी जांच जारी है।

उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल शहर में शांति है और कोई सांप्रदायिक तनाव नहीं है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हुआ है उसकी जांच हो रही है वहीं जिस मांस को लेकर तनाव बढ़ा उसकी भी जांच की जा रही है कि वो कितना पुराना था।

एडीजी ने आरोपी योगेश राज को गिरफ्तार करने से इनकार किया साथ ही यह भी कहा कि जब गिरफ्तारी होगी तो जानकारी दी जाएगी। सोमवार को गोकशी की शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके साथ ही अब तक इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं 27 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

हिंसा में मारे गए युवक सुमित को लेकर उन्होंने कहा कि उसके शरीर में गोली मिली है और उसकी जांच की जा रही है।

इस हिंसा को लेकर यूपी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सवाल उठाते हुए इसे पूर्व नियोजित साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह वीएचपी, बजरंग दल और संघ की पहले से तैयार साजिश थी, अब पुलिस भी कुछ नेताओं के नाम ले रही है। मुस्लिमों के आयोजन के दिन ही प्रदर्शन क्यों किया गया? यह शांति भंग करने की कोशिश थी।

Share This News :