Home > राज्यो से ,slider news,
CG Election Exit Poll: चौथी बार रमन सरकार के आसार, अजीत जोगी बन सकते हैं किंगमेकर

छत्तीसगढ़ में 90 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव का एग्जिट पोल (CG Election Exit Poll) आ चुका है। भाजपा के रमन सिंह पिछले 15 वर्ष से राज्य के मुख्यमंत्री हैं। यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। हालांकि अजीत जोगी की पार्टी जेसीसी और बीएसपी का गठबंधन भी चुनाव नतीजों को प्रभावित कर सकता है। छत्तीसगढ़ में पहले चरण (12 नवंबर) में 76.39 फीसदी मतदाताओं ने और दूसरे चरण (20 नवंबर) में 76.34 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला है।

दोनों चरणों में सबसे अधिक 88.99 फीसदी मतदान धमतरी जिले के कुरूद विधानसभा क्षेत्र में और सबसे कम बीजापुर विधानसभा क्षेत्र में 47.35 फीसदी हुआ। राज्य में 90 विधानसभा सीटों में से 38 विधानसभा सीटों पर 80 फीसदी से ज्यादा पुरुष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। वहीं 24 विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा मतदान किया है।

पिछली बार से एक फीसदी कम मतदान
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस बार के चुनाव में पिछली बार की तुलना में लगभग एक फीसदी कम मतदान हुआ है। वर्ष 2013 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान 77.40 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

सभी मतपेटियां स्ट्रांग रूम में सील
अधिकारी ने बताया कि सभी मतदान दल सकुशल पहुंच चुके हैं। सभी के द्वारा अपने संग्रहण केंद्रों में निर्वाचन सामग्री जमा की जा चुकी है। मतदान में प्रयुक्त मशीनें स्ट्रांग रूम में राजनीतिक दलों और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की उपस्थिति में सील की जा चुकी हैं। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

स्ट्रांग रूम परिसर में लैपटॉप लेकर घुसे तीन युवक गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर जिले में स्ट्रांग रूम परिसर में लैपटॉप लेकर प्रवेश करने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं दो सुरक्षा कर्मियों को निलंबित किया गया है। बस्तर जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि जिला मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा स्थित महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम परिसर में लैपटॉप लेकर प्रवेश करने के मामले में पुलिस ने उमापति तिवारी, विजय मरकाम और एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया है।

 

Share This News :