Home > राज्यो से ,slider news,
जम्मू के हिंदू बहुल गांव ने पेश की मिसाल, इकलौते मुस्लिम परिवार से निर्विरोध चुना पंच

जम्मू-कश्मीर में सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की अनोखी मिसाल पेश की गई. हिंदुओं की बहुलता वाले गांव ने एक मात्र मुस्लिम परिवार के मुखिया को निर्विरोध अपना पंच चुना है.

बता दें, राज्य के हंगा पंचायत के भेलन-खरोठी गांव में 450 परिवारों में चौधरी मोहम्मद हुसैन का परिवार एकमात्र मुस्लिम परिवार है. मवेशी पालने वाले हुसैन अपनी बीवी, पांच बेटों और बहू के साथ रहते हैं जबकि उन्होंने अपनी चारों बेटियों की शादी कर दी है.

ग्रामीण धुनी चंद (57) ने बताया कि ध्रुवीकृत और सांप्रदायिक आधार पर चीजों को देखने वाले समाज में यह अजीब लग सकता है, लेकिन हमें अपने साझा भाईचारे पर नाज है. हुसैन उनके समुदाय की सर्वसम्मत पसंद हैं. उनका समुदाय सौहर्दपूर्ण और भाईचारे के लिये एक मिसाल पेश करना चाहता था, जो हमारे देश की ताकत है.

 

चंद ने कहा कि ध्रुवीकरण और धर्म के नाम पर मतभेद की बातें हमारे उस विश्वास को डगमगा नहीं सकीं कि हम एक ही परिवार का हिस्सा हैं. अगर इतने साल में यह हमारी एकजुटता को खत्म नहीं कर पाया है तो यह अब कभी नहीं होगा.

ग्रामीणों के सर्वसम्मत फैसले से हुसैन काफी खुश हैं. उन्होंने कहा कि हमलोग सौहार्द से भरपूर माहौल में रहते आए हैं. उन्होंने मुझे कभी यह महसूस नहीं होने दिया कि मैं गांव में रहने वाला एकमात्र मुस्लिम हूं. मुझे अपना पंच चुनकर और वह भी निर्विरोध चुनकर उन्होंने मेरे प्रति अपना प्यार जताया है. वे इसे एक अलग स्तर पर लेकर गये जिसके लिये मैं उम्र भर उनका कर्जदार रहूंगा.

Share This News :