Home > राज्यो से ,slider news,
BJP विधायक को बनाया बंधक, पुलिस के खिलाफ गरजे लोग

बुलंदशहर के स्याना हिंसा में मारे गए छात्र सुमित के घर पर शनिवार को पुलिस के खिलाफ हुई पंचायत में भाजपा विधायक देवेन्द्र सिंह लोधी को बुलाकर उन्हें बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने विधायक का घेराव कर उन्हें ढाई घंटे तक बंधक बनाये रखा। हिंसा में मारे गए छात्र सुमित के परिजनों को आर्थिक सहायता, भाई को नौकरी व हिंसा की सीबीआई जांच की मांग ग्रामीण कर रहे थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस निर्दोष लोगों का उत्पीड़न कर उन्हें जेल भेज रही है। विधायक देवेन्द्र सिंह लोधी ने आशवासन दिया कि ग्रामीणों की मांगों को लेकर वह मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।

शनिवार को चिंगरावठी में हिंसा में मारे गए सुमित के घर पर पंचायत हुई। पंचायत में सुमित के पिता अमरजीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने दबाव देकर एक व्यक्ति को चश्मदीद गवाह बताकर उससे झूठा बयान दिलवाया है। उनका बेटा सुमित हिंसा में नहीं था। उस व्यक्ति पर दबाव बनाकर बयान दिलाया जा रहा है कि उसके सामने प्रशांत नट ने इंस्पेक्टर को गोली मारी। पुलिस लगातार कहानी बदल रही है। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने आत्मरक्षा में नहीं, बल्कि उनेके बेटे की गोली मारकर हत्या की है। अमरजीत सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस जिस गवाह को घटना स्थल के पास का चाय बेचने वाला बता रही है, वह पड़ोस के गांव का किसान है।

अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस के फर्जी गवाह तैयार किए जाने की शिकायत मुख्यमंत्री को ईमेल भेजकर की गई है। पंचायत में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि हिंसा के चश्मदीद गवाह कोतवाल का ड्राईवर, हमराह व मौके पर मौजूद होमगार्ड से पूछताछ क्यों नहीं हो रही है। पंचायत में मौजूद प्रशांत नट की चाची मुनेश देवी व मौसी रसमी देवी ने बताया कि प्रशांत नट को 25 दिसंबर को ग्रेटर नोएडा के कासना में रिश्तेदारों ने पुलिस के हवाले किया था। आरोप लगाया कि पुलिस झूठे गवाहों से प्रशांत पर कोतवाल की हत्या करने का आरोप लगवा रही है। सुबह 10 बजे शुरु हुई पंचायत में गांव के वृद्ध व महिलाएं उपस्थित रही। पंचायत की अध्यक्षता सूबेदार जगदीश पाल सिंह ने की। इस दौरान थान सिंह, विजय पाल सिंह, जगदीश पाल, रनवीर सिंह, हरी सिंह, मामचंद, विनोद, पूरन, अन्नी, अनिल, पुष्पा, सरमिष्ठा, मुनेश देवी, बाला देवी, सत्यवीर आदि रहे।

विधायक को बनाया ढाई घंटे तक बंधक
शनिवार को दोपहर करीब दो बजे भाजपा के स्याना विधायक देवेन्द्र सिंह लोधी को पंचायत में बुलाया गया। गुस्साए ग्रामीणों ने विधायक को पंचायत में बंधक बना लिया। विधायक ने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री के समक्ष पूरी मांगों को रखा जाएगा। इसके बाद विधायक को शाम करीब साढ़े चार बजे छोड़ा गया। इस दौरान विधायक के साथ भाजपा स्याना नगरध्यक्ष मुकेश भारद्वाज, नीरज चौधरी, कपिल त्यागी भी रहे।

मुझे ग्रामीणों ने रास्ते में रोक लिया। फिर पंचायत में लेकर पहुंचे। जहां पर मुझे बंधक बना लिया। ग्रामीणों की मांग थी कि सुमित को शहीद का दर्जा दिया जाए। मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। इंस्पेक्टर के परिजनों को दी गई सुविधाएं स्थगित की जाएं। सीएम के समक्ष मांगों को रखने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
-देवेन्द्र सिंह लोधी, विधायक स्याना

विधायक देवेन्द्र लोधी ने बताया कि हिंसा के समय मार्ग से गुजर रहे लोग व खेतों में कार्य कर रहे किसान व स्कूली छात्र घटना के तमाशबीन मौके पर पहुंच गए थे। वह निर्दोष हैं। ऐसे निर्दोषों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने चेतावनी देते हुए बताया कि निर्दोष लोगों को किसी भी कीमत पर जेल नहीं जाने दिया जाएगा। पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ हुई पंचायत में ग्रामीणों ने पुलिस पर संगीन आरोप लगाए हैं। साथ ही ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इसकी शिकायत की है

Share This News :