Home > राज्यो से ,slider news,
राजीव कुमार को गिरफ्तारी से राहत, लेकिन CBI के सामने पेश होना होगा: SC

चीफ जस्टिस रंजन गोगोई ने आदेश दिया है कि कोलकाता पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार को सीबीआई के सामने पेश होना चाहिए और उन्हें जांच में सहयोग करना चाहिए. हालांकि, इस दौरान सीबीआई राजीव कुमार को गिरफ्तार नहीं कर सकती है. पश्चिम बंगाल की सरकार की ओर से अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि सीबीआई राजीव कुमार को गिरफ्तार करना चाहती है, जिसपर सीजेआई ने कहा कि आप बहुत ज्यादा कल्पना करते हैं.चीफ जस्टिस ने आदेश दिया है कि पुलिस कमिश्नर को शिलॉन्ग में सीबीआई के सामने पेश होना होगा.सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस रंजन गोगोई ने कहा कि राजीव कुमार को पूछताछ का सामना करने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए. हम नोटिस के जारी किए बिना कोई अवमानना नहीं कर सकते हैं. अवमानना तय करने से पहले दूसरे पक्ष को भी सुनना होगा. 

 

सुप्रीम कोर्ट की ओर से अवमानना मामले में नोटिस जारी कर दिया गया है. इसका जवाब 18 फरवरी तक दाखिल करना होगा. मामले की अगली सुनवाई 20 फरवरी को होगी. चीफ जस्टिस ने कहा कि डीजीपी, पुलिस कमिश्नर और चीफ सेक्रेटरी को 20 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में पेश होना होगा.
ममता बनर्जी बोलीं- SC का आदेश हमारी नैतिक जीत
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे अपनी नैतिक जीत बताया है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार संविधान का उल्लंघन कर रही है, हम सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करेंगे. उन्होंने कहा कि इस देश का कोई बिग बॉस नहीं हो सकता है, सिर्फ लोकतंत्र ही बिग बॉस है. ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आलोचना करने पर हमारा विरोध होता है. सुप्रीम कोर्ट का आदेश बंगाल की जनता, देश की जनता और मीडिया की जीत है. उन्होंने कहा कि कई मंत्री फोन करके कहते हैं कि ममता बनर्जी के खिलाफ मत बोलें.
 

Share This News :