Home > राज्यो से ,slider news,
CWC बैठक , राहुल, सोनिया और प्रियंका शामिल, आज हार्दिक थामेंगे हाथ

अहमदाबाद। लोकसभा चुनाव की तारीखों के एलान के बाद अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यकारणी की बैठक 58 साल बाद आज गुजरात के गांधीनगर में हो रही है। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, पूर्व कांग्रेस अध्यक्षता सोनिया गांधी, नवनियुक्त महासचिव प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व कई दिग्गज कांग्रेसी नेता अहमदाबाद पहुंच चुके हैं।यहां दांडी मार्च की की वर्षगांठ पर प्रार्थना सभा हुई जिसमें सभी ने हिस्सा लिया और इसके बाद बैठक शुरू की गई।कांग्रेस की कार्यकारणी की बैठक के बाद गांधीनगर के अडालज में जय किसान जय जवान के बैनर तले जनसंकल्प रैली का भी आयोजन किया गया है। जहां पाटीदार नेता हार्दिक पटेल कांग्रेस में शामिल होंगे।लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधी चुनौती देने का संदेश देने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुजरात में चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। पार्टी की चुनावी रणनीति को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में अंतिम रूप देने के बाद गांधीनगर में राहुल बदलाव का बिगुल फूंकेंगे। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक मंगलवार सुबह अहमदाबाद के साबरमती आश्रम में बुलाई गई है।

महात्मा गांधी की 150वीं जयंती वर्ष के मौके पर बुलाई गई इस विशेष बैठक में लोकसभा चुनाव की रणनीति का एजेंडा भी अहम होगा। खासतौर पर पुलवामा आतंकी हमले के बाद चुनाव अभियान को राष्ट्रवाद के रंग में रंगने की भाजपा की लगातार कोशिशों को नाकाम करने के लिए चर्चा कर जवाबी रणनीति पार्टी तय करेगी। चुनावी चिंतन के अलावा विशेष रूप से महात्मा गांधी के योगदानों को लेकर अहम प्रस्ताव पारित किया जाएगा।

चुनाव से पहले गांधी के साबरमती में बैठक करने के भी अपने सियासी मायने हैं। राहुल गांधी ने दिल्ली में चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए सोमवार को 2019 के चुनाव को गांधी बनाम गोडसे के विचारों के बीच बताकर इसका संदेश भी दे दिया। कार्यसमिति की बैठक के बाद गांधीनगर में राहुल समेत पार्टी के दिग्गज चुनावी रैली से गुजरात के प्रचार अभियान का आगाज करेंगे। प्रियंका गांधी वाड्रा के भी इस रैली को संबोधित करने की संभावना है। सक्रिय राजनीति में आने के बाद प्रियंका की यह पहली जनसभा होगी।

 

कांग्रेस की इस रैली के दौरान ही गुजरात के युवा पाटीदार नेता हार्दिक पटेल पार्टी में शामिल होंगे। हार्दिक केवल पार्टी में शामिल ही नहीं होंगे बल्कि लोकसभा का चुनाव भी लड़ेंगे। पीएम मोदी को उनके गृह राज्य में ललकारने के बाद राहुल गांधी मंगलवार को ही चेन्नई में यूपीए गठबंधन की रैली को संबोधित करने जाएंगे।

ये है कार्यक्रम

मंगलवार सुबह 8.55 बजे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनियां गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और प्रियंका गांधी अहमदाबाद एयरपोर्ट पर आने के बाद 9.30 बजे सभी कांग्रेसी नेता शाहीबाग सर्किट हाउस पहुचेंगे। 9.50 बजे साबरमती गांधी आश्रम में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया है। जिसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित सभी कांग्रेसी नेता शामिल होंगे।

इसके बाद 10.30 शाहीबाग शहीद स्मारक में कांग्रेसी नेताओं द्वारा पुलावामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद 10.50 बजे सरदार पटेल स्मारक शाहीबाग में कांग्रेस की कार्यकारणी की बैठक होगी। बैठक के बाद सभी नेता सरदार संग्रहालय की मुलाकात लेंगे। इसके बाद 1.40 बजे लंच करने के बाद सभी नेता गांधीनगर के अडालज में स्थित त्रिमंदिर मैदान में पहुंचकर जय जवान जय किसान के बैनर तले आयोजित जनसंकल्प रैली को संबोधित करेंगे।

Share This News :