Home > राज्यो से ,slider news,
न्यूजीलैंड को 119 रनों से हराकर इंग्लैंड वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में

आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 में रिवरसाइड ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में बुधवार को इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 119 रनों से हराया. इस जीत के साथ ही इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई है.

1992 के बाद पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचा इंग्लैंड

इंग्लैंड ने 1992 के बाद से पहली बार वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई है. न्यूजीलैंड के ऊपर इस जीत ने इंग्लैंड के 27 साल के वर्ल्ड कप इतिहास को बदला है. वह इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई है. मौजूदा विजेता ऑस्ट्रेलिया और भारत पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं.

जॉनी बेयरस्टो बने मैन ऑफ द मैच

पहले बल्लेबाजी करने वाली इंग्लैंड मैन ऑफ द मैच जॉनी बेयरस्टो (106) और जेसन रॉय (60) द्वारा दी गई शतकीय शुरुआत के बाद 350 के आस-पास पहुंचती दिख रही थी, लेकिन कीवी गेंदबाजों ने मध्य के ओवरों में वापसी की और लगातार विकेट ले मेजबान टीम को 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 305 रनों से आगे नहीं जाने दिया.

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज इस लक्ष्य को हासिल करने में विफल रहे और 45 ओवरों में 186 रनों पर ढेर हो गए. कीवी टीम के लिए सबसे ज्यादा 57 रन टॉम लाथम ने बनाए. उनके अलावा कोई और बल्लेबाज अच्छे से इंग्लिश गेंदबाजों का सामना नहीं कर पाया. लाथम ने 65 गेंदों का सामना कर 5 चौके लगाए.

16 रन पर न्यूजीलैंड ने गंवाए दो विकेट

क्रिस वोक्स ने पहले ही ओवर की 5वीं गेंद पर हेनरी निकोलस (0) को दो के कुल स्कोर पर आउट कर न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया. यहां से टीम लगातार विकेट खोती रही और कोई भी बड़ी साझेदारी करने में कामयाब नहीं रही. उसके दो बड़े विकेट रन आउट के चलते गिर. मार्टिन गप्टिल (8) के 14 रनों के कुल स्कोर पर आउट होने के बाद केन विलियमसन (27) और रॉस टेलर (28) ने 47 रन जोड़ लिए थे तभी मार्क वुड ने विलियमसन को रन आउट कर दिया. जोस बटलर और आदिल राशिद की जोड़ी ने टेलर को भी रन आउट कर कीवी टीम को चौथा झटका दिया. यहां से न्यूजीलैंड वापसी की हालत में नहीं रही.

लाथम अकेले लड़ते रहे. जिमी नीशम ने 19 रन ही बना सके. कोलिन डी ग्रांडहोम तीन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए. लाथम भी लियाम प्लंकेट की गेंद पर जोस बटलर को कैच देकर 164 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट लिए. यहां से मिशेल सेंटनर (12), मैट हेनरी (7) जल्दी आउट हो गए. आदिल राशिद ने ट्रेंट बोल्ट (4) को आउट कर न्यूजीलैंड की पारी समाप्त की.

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की

टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला करने वाली इंग्लैंड को जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो की सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 123 रन जोड़े. जिमी नीशम ने रॉय को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. उन्होंने 61 गेंदों का सामना किया और 8 चौके मारे.

इस साझेदारी के टूटने के बाद इंग्लैंड लगातार अंतराल पर विकेट खोती रही. ट्रेंट बोल्ट ने जो रूट (24) और जोस बटलर (11) के विकेट लेकर इंग्लैंड के बड़े स्कोर के सपने को संकट में डाला. इसी बीच मैट हेनरी ने बेयरस्टो की शतकीय पारी का अंत कर दिया. बेयरस्टो ने 99 गेंदें खेलीं और 15 चौकों के अलावा एक छक्का मारा.

इंग्लैंड का मध्य क्रम लड़खड़ाया

मिशेल सेंटनर ने बेन स्टोक्स (11) को आउट कर इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 248 रन कर दिया. यहां से इंग्लैंड के कप्तान इयोन मॉर्गन अकेले लड़ते रहे, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला. क्रिस वोक्स भी चार रन ही बने सके. कप्तान को हेनरी ने 47वें ओवर की पहली गेंद पर 42 के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया.

अंत में आदिल राशिद ने 16 रन बनाए और लियाम प्लंकेट 15 रन बनाकर नाबाद लौटे. जोफ्रा आर्चर भी एक रन बनाकर नाबाद रहे. कीवी टीम के लिए बोल्ट, हेनरी और नीशम ने दो-दो विकेट लिए. टिम साउदी और सेंटनर को एक-एक सफलता मिली.

Share This News :