Homeखेल ,slider news,
ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर इंग्लैंड फाइनल में

बर्मिंघम ICC World Cup 2019 2nd Semi Final ENG vs AUS Live: मेजबान इंग्लैंड आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया है। उसने दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेटों की करारी शिकस्त दी। ऑस्ट्रेलिया द्वारा निर्धारित 224 रनों का लक्ष्य इंग्लैंड ने 32.1 ओवर में केवल 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अब 14 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्डस में होने वाले फाइनल में उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा। न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में भारत को हराया था। इंग्लैंड 1992 के बाद पहली बार विश्व कप के फाइनल में पहुंचा है।इंग्लैंड और न्यूजीलैंड दोनों में से किसी ने भी अभी तक पुरुष विश्व कप का खिताब नहीं जीता है, ऐसे में इस बार एक नई टीम ही वर्ल्ड चैंपियन बनेगी।

पूरा स्कोर कार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें ;

224 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड को जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो ने मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 124 रनों की साझेदारी की। इस दौरान जेसन रॉय ने अपना अर्द्धशतक पूरा किया। स्टार्क ने बेयरस्टो को एलबीडब्ल्यू कर ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता दिलाई। बेयरस्टो ने 43 गेंदों 5 चौकों की मदद से 34 रन बनाए। इसके 2 ओवर बाद ही इंग्लैंड को दूसरा झटका लगा जब रॉय भी आउट हो गए। 85 के स्कोर पर खेल रहे रॉय को पैट कमिंस की गेंद पर एलेक्स कैरी ने कैच किया। रॉय ने 65 गेंदों में 9 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 85 रन बनाए।इसके बाद कप्तान इयोग मॉर्गन और जो रूट ने इंग्लैंड को जीत तक पहुंचाया। दोनों ने बिना किसी परेशानी के बल्लेबाजी की और ऑस्ट्रेलिया को कोई सफलता नहीं मिलने दी। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़े। जो रूट 49 रन (46 गेंद, 8 चौके) और मॉर्गन 45 रन (39 गेंद, 8 चौके) बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने इंग्लैंड को 8 विकेट से जीत दिलाकर फाइनल में पहुंचा दिया।इससे पहले ऑस्ट्रेलिया स्टीवन स्मिथ की शानदार 85 रनों की पारी की मदद से सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाया। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 49 ओवर 223 रनों पर सिमटी। ऑस्ट्रेलिया के लिए एलेक्स कैरी ने 46, मिचेल स्टार्क ने 29 और ग्लेन मैक्सवेल ने 22 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। वहीं इंग्लैंड के लिए क्रिस वोक्स और आदिल राशिद ने 3-3 और जोफ्रा आर्चर ने 2 विकेट लिए।

Share This News :