Home > राज्यो से ,slider news,
कुमास्‍वामी की सरकार गिरी, नहीं साबित कर सकी बहुमत

बेंगलुरु। Karnataka Floor Test Live कर्नाटक की कुमारस्‍वामी सरकार गिर चुकी है। राज्‍य की कांग्रेस-जेडीएस की गठबंधन सरकार विधानसभा में अपना बहुमत साबित नहीं कर सकी।

 

विश्‍वास मत पर वोटिंग के बाद जब वोटों की गिनती की गई तो कुमारस्‍वामी के पक्ष में कम वोट पड़े। विश्वासमत के खिलाफ 105 वोट पड़े हैं, जबकि विश्वासमत के पक्ष में 99 वोट पड़े। इसके साथ ही कर्नाटक में कुमारस्वामी की सरकार गिर गई है।

विधानसभा में भाजपा विधायक विक्ट्री साइन दिखाते नजर आए। सदन में मौजूद विधायकों ने बीएस येदुरप्पा को बधाई दी। कुमारस्वामी अब राज्यपाल को इस्तीफा सौंप देंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि इसके बाद राज्यपाल येदुरप्पा को मुख्यमंत्री पद के लिए बुला सकते हैं।

गौरतलब है कांग्रेस और जेडीएस के 16 विधायक इस मौके पर विधानसभा से नदारद रहे। इन 16 विधायकों ने कुमारस्वामी सरकार को गिराने में अहम भूमिका निभाई। सरकार बनने के बाद से ही गठबंधन के दोनों घटक कांग्रेस और जेडीएस में मतभेद खुलकर सामने आने लगे थे। कांग्रेस नेता सिद्दारमैया और कुमारस्वामी के बीच कभी सामंजस्य नहीं बन पाया। कुमारस्वामी कि सरकार सिर्फ 14 महीने तक चल पाई।

 

दूसरी तरफ विधान सौधा में चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने कहा कि वो भाजपा नेता नहीं थे जिन्होंने हमारे पीछे से वार किया, बल्कि मुंबई में मौजूद वो बागी विधायक थे जिन्होंने ऐसा किया। लेकिन, चिंता मत कीजिए वो लोग आपके साथ भी यही करने वाले हैं।

 

 

विधानसभा अध्यक्ष ने सदन में कार्यवाही शुरू होने से पहले सरकार को सोमवार को हर हाल में विश्वास मत की प्रक्रिया पूरी करने की प्रतिबद्धता की याद दिलाई, लेकिन उसका कोई परिणाम नहीं निकला। कांग्रेस ने जोर दिया कि बागी विधायकों के इस्तीफे पर फैसला लिए जाने तक मतदान नहीं कराया जाए। विधानसभा अध्यक्ष ने बागी विधायकों से मंगलवार को 11 बजे उनके कार्यालय में मिलने के लिए बुलाया था। हालांकि, बागी विधायकों ने इसके लिए 4 हफ्ते का वक्त मांगा है।

कांग्रेस और जदएस के विधायकों के इस्तीफा देने और दो निर्दलीय विधायकों के समर्थन वापस लेने के बाद संकट का सामना कर रहे मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने गुरुवार को विधानसभा में विश्वास मत पेश किया था। सत्ताधारी गठबंधन ने राज्यपाल वजुभाई वाला द्वारा तय की गई दो समयसीमा को नजरअंदाज किया। विधानसभा अध्यक्ष ने शुक्रवार को सरकार से सोमवार को प्रक्रिया पूरी करने की प्रतिबद्धता लेने के बाद कार्यवाही स्थगित की थी।

Share This News :