Home > राज्यो से ,slider news,
संकट में कमलनाथ सरकार, सिंधिया ने दिखाए बागी तेवर

मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सियासत में कलह तब से शुरू है, जब से साल 2018 में कमलनाथ ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के बीच सीट का अंतर भले ही कम रहा हो, लेकिन असल चुनौती कमलनाथ सरकार को अपनी ही पार्टी के नेताओं से मिलती रही. मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार की सबसे बड़ी चिंता बीजेपी ने कम बढ़ाई, पार्टी के नेताओं ने मुश्किल बढ़ाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी. कभी ज्योतिरादित्य सिंधिया तो कभी दिग्विजय सिंह तीखे तेवर दिखाते रहे. सिंधिया ने एक बार फिर से बागी तेवर दिखाए हैं.

कमलनाथ के लिए बने चुनौती

घोषणा पत्र को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस में अपनी ही सरकार के खिलाफ ज्योतिरादित्य सिंधिया खड़े हो गए. उन्होंने कहा था कि अगर कमलनाथ सरकार वचन पत्र पूरा नहीं करेगी तो मैं भी लोगों के साथ सड़क पर उतर सकता हूं. इसके जवाब में सीएम कमलनाथ ने कहा था कि अगर वे चाहते हैं तो उतर जाएं. इसके बाद सियासी ड्रामा और बढ़ गया था.

एक बार फिर मध्य प्रदेश सरकार संकट में नजर आ रही है. ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक करीब 20 कांग्रेसी विधायक बेंगलुरु पहुंच गए हैं. बताया जा रहा है जो विधायक बेंगलुरु पहुंचे हैं, उनमें 6 मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री भी हैं. इस बीच मध्य प्रदेश के ताजा घटनाक्रम के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया चार्टर प्लेन से दिल्ली अपने आवास पहुंच गए हैं.

Share This News :