Home > राज्यो से ,slider news,
कोरोना वायरस: रेलवे का बड़ा फैसला, 31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेन कैंसल

कोरोना वायरस के चलते रेलवे ने बड़ा कदम उठाते हुए अपनी सभी यात्री सेवाएं 22 मार्च की आधी रात से 31 मार्च की आधी रात तक बंद रखने की रविवार को घोषणा की। रेलवे ने कहा कि इस अवधि में केवल मालगाड़ियां चलेंगी।

रेलवे ने अपनी कई ट्रेनें रद्द करके शुक्रवार को ही अपनी सेवाओं में कटौती कर दी थी, लेकिन उसने उन ट्रेनों को यात्रा जारी रखने की अनुमति दे दी थी जो पहले ही अपनी यात्रा शुरू कर चुकी थीं।

रेलवे के नए आदेश के अनुसार 22 मार्च की आधी रात से 31 मार्च की आधी रात तक केवल मालगाड़ियां चलेंगी। भारतीय रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा, 'बेहद न्यूनतम उपनगरीय सेवाएं और कोलकाता मेट्रो रेल सेवा 22 मार्च की आधी रात तक जारी रहेगी। इसके बाद ये सेवाएं भी 31 मार्च की आधी रात तक बंद रहेंगी।'

 

बता दें कि कोरोना वायरस को लेकर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा घोषित जनता कर्फ्यू के मद्देनजर देश में आज कोई भी ट्रेन नहीं चल रही है। बीती रात से ही आज रात दस बजे के बीच किसी भी स्टेशन से कोई यात्री ट्रेन सफर शुरू नहीं कर रही है। कोरोना वायरस के चलते गैर-जरूरी यात्रा पर रोक लगाने के मकसद से रेलवे ने तकरीबन चार हजार ट्रेनों को कैंसिल किया है। इसमें 2,400 पैसेंजर ट्रेन और 1300 एक्सप्रेस ट्रेन शामिल हैं।

Share This News :