Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
कांग्रेस की शिवराज सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार पर नजर, सिंधिया समर्थक बदल सकते है पाला

मध्य प्रदेश में कमल नाथ सरकार गिराने के लिए कांग्रेस के पांच पूर्व विधायक ऐसे थे जो भाजपा के मिशन लोटस 1 और 2 में शामिल रहे। मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा के बीच इन पांच पूर्व विधायकों को लेकर असमंजस की स्थिति बनने से कांग्रेस को उम्मीद जागी है कि इनमें से कुछ पूर्व विधायक पार्टी में वापसी कर सकते हैं। भाजपा के इन दोनों मिशन में शामिल कांग्रेस नेताओं में से तीन ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक हैं और इनकी भाजपा में जाने की शर्ते सिंधिया के साथ गए विधायकों जैसी नहीं मानी जा रही हैं।

कमल नाथ सरकार पर मार्च में भाजपा मिशन लोटस 1 और 2 से संकट आया था

कमल नाथ सरकार पर मार्च में भाजपा के मिशन लोटस 1 और 2 से संकट आया था। पहले मिशन में कांग्रेस के पांच नेता बिसाहूलाल सिंह, हरदीप डंग, रघुवीर जाटव, कमलेश जाटव और रघुराज सिंह कंषाना सहित बसपा-सपा के तीनों विधायक व निर्दलीय विधायकों को भाजपा ने टारगेट किया था। इनमें शामिल कांग्रेस विधायकों में से रघुवीर जाटव, कमलेश जाटव और रघुराज सिंह सिंधिया समर्थक माने जाते हैं, लेकिन कहा जाता है कि इनके मिशन लोटस 1 में जाने की सूचना सिंधिया को तब लगी, जब तत्कालीन कमल नाथ सरकार के मंत्रियों ने भाजपा के मिशन को नाकाम कर दिया।

Share This News :