नामांतरण की गुहार लेकर केंद्रीय मंत्री सिंधिया की गाड़ी के सामने लेटा किसान, सड़क पर उतरकर सुनी समस्या
शिवपुरी (विनय शर्मा) : केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की शनिवार को शिवपुरी स्थित कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान 85 आवेदन प्राप्त हुए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के बाद सिंधिया जब खोड़ से मनपुरा के लिए रवाना हुए, इसी दौरान रास्ते में हनुमंत सिंह लोधी नामक किसान उनकी गाड़ी के सामने लेट गया। किसान जमीन के नामांतरण में हो रही देरी से परेशान था और इस संबंध में केंद्रीय मंत्री से हस्तक्षेप की मांग कर रहा था।
किसान को वाहन के सामने लेटा देख सिंधिया ने गाड़ी रुकवाई और नीचे उतरकर उसकी समस्या सुनी। उन्होंने किसान को उसकी समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान वे काफी देर तक किसान से बातचीत करते रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।