Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
भाजपा का पूर्व कमल नाथ सरकार पर बड़ा आरोप , मंत्री मिश्रा बोले

किसानों की जिस कर्जमाफी के वचन के सहारे कांग्रेस 15 साल बाद मध्य प्रदेश की सत्ता में आई थी, उसमें किसानों के नाम पर सदी के सबसे बड़े घोटाले की आशंका प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने जाहिर की है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन सरकार ने ब्लैंक चेक की तरह प्रमाणपत्र बांटे, लेकिन वास्तव में कर्जमाफी हुई ही नहीं। सरकार के खजाने से पैसा निकल गया, लेकिन किसानों के खातों में नहीं पहुंचा, तो आखिर गया कहां? यही तो जांच का विषय है। हम इसकी तह में जाएंगे और जो दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। बैंकों से किसानों को नो-ड्यूज नहीं मिले हैं। छिंदवाड़ा और झाबुआ को छोड़कर कहीं दो लाख रुपये का कर्ज माफ नहीं हुआ। उधर, पूर्व जनसंपर्क मंत्री व कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने इसे ध्यान भटकाने का षड्यंत्र करार दिया है।

गौरतलब है कि कमल नाथ सरकार ने 20 मार्च से छह माह पहले तक जो भी फैसले लिए थे, उनकी जांच शिवराज सरकार मंत्री समूह (गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और कृषि मंत्री कमल पटेल) से करा रही है। समूह की सोमवार को भोपाल स्थित मंत्रालय में बैठक हुई। इसके बाद मीडिया से रूबरू होते हुए डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि जब कर्जमाफी का रिकॉर्ड सामने आया तो हम चिंतित हो गए।

Share This News :