Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से दिए निर्देश

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के सभी जिलों में चल रहे किल कोरोना अभियान में अन्य विभागों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश जिला कलेक्टरों को दिए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा प्रदेश में कोरोना नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस और पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी उपस्थित थे।

एक जुलाई से प्रदेश में शुरू हुए किल कोरोना अभियान के अंतर्गत 10 हजार 664 सर्वे दल कार्य कर रहे हैं।

 

अभियान अंतर्गत अभ्री तक 24 लाख 60 हजार घरों का सर्वेक्षण हो चुका है। इसमें कुल 1 करोड़ 23 लाख आबादी कवर हुई है।

 

सर्वे में कोरोना लक्षण के 11 हजार 87 संदिग्ध रोगी सामने आए हैं, जिनकी जाँच की जा रही है। सर्वे में अन्य रोग के लक्षण वाले रोगी भी मिले हैं। उनका भी उपचार किया जा रहा है।

प्रदेश का कोरोना रिकवरी रेट 77.3 है। यह देश के सर्वश्रेष्ठ रिकवरी वाले प्रांतों में दूसरे क्रम पर है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अन्य प्रदेशों की तुलना में मध्यप्रदेश में कोरोना के संक्रमण की रफ्तार को रोकने में मिल रही सफलता के बाद भी प्रयासों में कोई कमी नहीं रहना चाहिए। प्रदेश में एक जुलाई से प्रारंभ राज्य स्तरीय किल कोरोना अभियान में स्वास्थ्य विभाग और महिला बाल विकास विभाग की सक्रिय भूमिका है। लेकिन इसके साथ ही यह जन-जन का अभियान भी है। अन्य सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों और समुदाय की भागीदारी इस अभियान में होना चाहिए। इसके लिए जिला कलेक्टर आवश्यक प्रयास करें। जिला स्तर पर क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्यों से परामर्श कर अभियान को गति दी जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में रिकवरी रेट बढ़ने और ग्रोथ रेट कम होने की स्थिति संतोष का विषय नहीं होना चाहिए। प्रयास यह होना चाहिए कि कोरोना वायरस पर पूरी तरह नियंत्रण हो जाए। प्रत्येक नागरिक स्वस्थ रहें। कहीं पॉजीटिव प्रकरण आते हैं तो फर्स्ट कांटेक्ट की ट्रेसिंग पूरी दक्षता के साथ शत-प्रतिशत की जाए। स्वास्थ्य मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने ग्वालियर और चंबल क्षेत्र में रोग की स्थिति को देखते हुए प्रयास बढ़ाने की बात कही। बैठक में भिंड एवं ग्वालियर जिलों की अलग से समीक्षा की गई।

Share This News :