Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
कांग्रेस को फिर एक बड़ा झटका , विधायक ने पार्टी छोड़ भाजपा का दामन थामा

मध्‍य प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ शुरू हुआ दलबदल का खेल लगातार जारी है। पिछले सप्ताह बड़ा मलहरा से कांग्रेस विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी और फिर नेपानगर विधायक सुमित्रा देवी कास्डेकर ने इस्तीफा दिया था। तभी यह आशंका जताई गई थी कि पार्टी के कुछ और विधायक इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाकर स्थिति को काबू में करने का प्रयास भी किया, लेकिन खंडवा जिले की मांधाता सीट से विधायक नारायण सिंह पटेल के इरादे नहीं बदले।

कांग्रेस नेताओं को भी इसकी भनक थी कि वे भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं। यही वजह है कि उनका फोन बंद मिलने पर पार्टी नेताओं की बेचैनी बढ़ गई थी। हालांकि, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने दावा किया था कि उनका पटेल से संपर्क हो गया है। वे कांग्रेस के साथ हैं और गुरुवार को भोपाल आएंगे।

पटेल आए तो सही, लेकिन विधायकी से इस्तीफा दे दिया। गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष से उन्होंने मुलाकात कर इस्तीफा स्वीकार करने का आग्रह किया। शर्मा ने बताया कि पटेल ने स्वेच्छा से विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया है, जिसे स्वीकार कर लिया है। विधानसभा सचिवालय ने इसकी सूचना भी जारी कर दी है। अब चुनाव आयोग को सीट रिक्त होने की अधिसूचना भेजी जाएगी।पटेल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात की।

 

Share This News :