Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
68 हजार लोगों को बांटी पात्रता पर्ची व राशन

दतिया. खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बुधवार को अन्न उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अन्न उत्सव का जिला स्तरीय आयोजन गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की उपस्थिति में वृंदावन धाम में हुआ। इस अवसर पर नौ हितग्राहियों को टोकन स्वरूप पात्रता पर्ची एवं खाद्यान्न का वितरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का दूरदर्शन से संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। जिले में अन्न उत्सव कार्यक्रम में 12 हजार 500 परिवारों के 68 हजार 963 सदस्यों को लाभांवित किया गया।

 

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि अन्न उत्सव के तहत दतिया विधानसभा क्षेत्र के 35 हजार लोगों को एक रुपए किलो गेहूं मिलना शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अब कोई भी गरीब भूखा नहीं सोएगा। डॉ. मिश्रा ने कहा कि दतिया के लिए स्वीकृत वह कार्य जो पूर्व सरकार ने बंद कर दिए थे, उन्हें पुन: शुरू कराया जाएगा। कार्यक्रम के आरंभ में कलेक्टर संजय कुमार ने अन्न उत्सव आयोजन की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कोई भी परिवार खाद्यान से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि अन्न उत्सव के तहत हितग्राहियों को न्यूनतम एक रुपए किलो के हिसाब से गेहूं, चावल एवं नमक प्रदाय किया जाएगा। कार्यक्रम को पूर्व विधायक डॉ. आशाराम अहिरवार, उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष रमेश नाहर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह बुंदेला, डिप्टी कलेक्टर एवं जिला आपूर्ति अधिकारी शिवांगी जोशी, योगेश सक्सैना, अतुल भूरे चौधरी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्यात मनोज द्विवेदी ने किया।

Share This News :