Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,खास खबरे,
बाढ़ पीडितों को तुरंत राशन पहुंचाने की व्यवस्था करें - सांसद शेजवलकर

ग्वालियर । ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने अति वर्षा से प्रभावित ग्वालियर एवं शिवपुरी के कलेक्टर से चर्चा कर प्रभावित परिवारों को बिना किसी विलंब के राशन सामग्री पहुंचाने के लिये कहा है। 

श्री शेजवलकर ने दूरभाष पर दोनों जिलों के कलेक्टरों से बाढ प्रभावित गांवो में चल रही राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति जानी। गौरतलब है कि सांसद श्री शेजवलकर मानसून सत्र के चलते दिल्ली में हैं। उन्होंने ग्वालियर-चंबल संभाग के संभागीय आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने भी चर्चा कर कहा है कि ग्वालियर व शिवपुरी अंचल के बाढ प्रभावित गांव में चल रही गतिविधियों पर नजर रखते हुये पीड़ित परिवारों को तत्परता से राहत पहुँचाने का कार्य कराएँ। 

श्री शेजवलकर ने ग्वालियर एवं शिवपुरी के कलेक्टरों से बिना किसी विलंब के राशन वितरण की व्यवस्था करने के लिये कहा है। क्योंकि ग्रामीण साल भर का राशन भर के रखते है लेकिन तेज बारिश में उनका सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। प्रशासन को चाहिये कि सबसे पहले बाढ पीडितों को राशन मुहैया कराया जाये जिससे वे अपना जीवन सुचारू रूप से शुरू कर सकें साथ ही श्री शेजवलकर ने जिलाधीशों से बाढ से हुए नुकसान का आंकलन कर बाढ पीडितों को आर्थिक मद्द देने की भी बात कही है। सांसद ने बाढ के चलते अवरूद्ध हुई बिजली व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिये भी प्रशासन से कहा है।

ग्वालियर जिले के भितरवार‚ पाटई‚ जौरा‚ कैथोट‚ शिला‚ पलाछय‚ गधौटा‚ देवगढ‚ आदमपुर‚ निजामपुर‚ धोवट‚ सावबात आदि आसपास के अनेक गांव एवं शिवपुरी जिले के नरवर‚ काली पहाडी‚ धमधौली‚ निजामपुर‚ मगरौनी‚ कांकर‚ फूलपुर‚ हथैडा‚ बनियानी‚ सिमरिया‚ कैरूआ‚ सुनारी‚ भेगवा‚ छितारी‚ रायपुर‚ दिहाला एवं बैराढ के टोरिया खालसा‚ हरैई‚ छापरवाडा‚ हाकुर्सी‚ गौंदोली‚ सिल्परी‚ बरखेडी‚ धतूरा‚ ऐंचवाया‚ उंची बरौद‚ भवनपुरा‚ अमरपुर आदि गांवो बाढ से अधिक प्रभावित हुये है। प्रभावित सभी क्षेत्रों में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन निरंतर संपर्क कर आम जनों की मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करें।

Share This News :