Homeराज्यो से ,slider news,
प्रियंका ने कहा- मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी तक नहीं रुकेंगे; कल सीतापुर पहुंचेंगे राहुल, दौरे से पहले लखनऊ में धारा 144 लागू

लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए किसानों के परिवारों से मिलने की कोशिश में अरेस्ट की गईं प्रियंका गांधी ने मंगलवार रात फोन पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्हें हिरासत में लिए जाने के बाद से ही गेस्ट हाउस में रखा गया है। कार्यकर्ता इसी गेस्ट हाउस के बाहर जुटे हुए हैं।

उधर, राहुल गांधी बुधवार को सीतापुर आने वाले हैं। राहुल गांधी के दौरे से पहले प्रशासन ने राजधानी लखनऊ में 8 अक्टूबर तक धारा 144 लगा दी है। यह तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

इधर, प्रियंका गांधी ने देर शाम सीतापुर गेस्ट हाउस के बाहर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को फोन से संबोधित किया। प्रियंका ने कहा- जब कोई किसान संघर्ष या आंदोलन में अपनी जान गंवाता है। तब उसे हम मृतक नहीं कहते। उसे शहीद कहते हैं।

गृह मंत्री जनता को धमकाते हैं
कांग्रेस महासचिव ने कहा- आज एक ऐसी कायर सरकार है कि इन्हीं का गृह मंत्री जनता को धमकाता है। वो जनता की आवाज से डरता है। उसका बेटा गाड़ी की पहियों तले किसानों को कुचल देता है। और ये कायरों की सरकार इन अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाए अपनी पूरी पुलिस फोर्स को एक विपक्ष की महिला को रोकने के लिए लगा देती है। जब ये हादसा हुआ तो कहां थी ये पुलिस, कहां थी ये सरकार, कहां था ये प्रशासन।

किसानों के आंसू पोछने नहीं आए PM
प्रियंका आगे बोलीं- मोदी जी मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि आपकी नैतिकता कहां है? एक पुरान श्लोक है- एकमेव परमो धर्म: यद राजा रक्षित प्रजा, उत्थानाम ही यथा धर्म: रक्षणम परमो दया। इसका अर्थ है- जनता की रक्षा सबसे बड़ा धर्म है। सभी जीवों के प्रति रक्षा और दया रखना एक राजा का धर्म है। आज मोदी जी आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए यहां से 100 किलोमीटर दूर आए थे। लेकिन पीएम किसानों के आंसू पोछने के लिए लखीमपुर खीरी नहीं आ पाए।

आरोपी की गिरफ्तारी तक नहीं झुकेंगे
प्रियंका ने कहा- इस सरकार को मैं कहना चाहती हूं कि हम कांग्रेस के सिपाही हैं। कांग्रेस समझती है कि इन किसानों ने इस देश के लिए क्या किया है। हम समझते हैं कि इस देश की रीढ़ की हड्‌डी किसान हैं। हम तुम्हारी तरह कायर नहीं हैं। हम तुम्हारी तानाशाही के सामने नहीं झुकेंगे। तुम जितना मुझे रोकने की कोशिश करोगे मैं उतनी बुलंदी के साथ किसानों की आवाज उठाऊंगी। हमारा संघर्ष तब तक समाप्त नहीं होगा जब तक मंत्री का अपराधी बेटा गिरफ्तार नहीं होता।

गेस्ट हाउस को बनाया अस्थायी जेल
इससे पहले प्रियंका को सीतापुर में PAC के गेस्ट हाउस में 30 घंटे हिरासत में रखने के बाद गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन और शांति भंग की आशंका जैसी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने गेस्ट हाउस को ही अस्थाई जेल के रूप में तब्दील कर दिया है। प्रियंका समेत 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा और यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नाम भी शामिल हैं।

कल राहुल जाएंगे लखनऊ
इधर, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कल यानी बुधवार को उत्तर प्रदेश पहुंचेंगे। राहुल लखनऊ से सीतापुर होते हुए लखीमपुर खीरी जाएंगे। राहुल 5 सदस्यीय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ सुबह 12:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी को देखते हुए कांग्रेस सांसद का लखनऊ से बाहर जाना मुश्किल लग रहा है।

इससे पहले कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर राहुल गांधी के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल को बुधवार को लखीमपुर खीरी जाने की अनुमति मांगी है। वेणुगोपाल ने चिट्‌ठी में लिखा कि जिस तरह यूपी सरकार ने पश्चिम बंगाल के नेताओं को लखीमपुर खीरी जाने की अनुमति दी उसी भावना से कांग्रेस को भी अनुमति दी जानी चाहिए।

जांच के लिए 6 सदस्यीय SIT का गठन
लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा मामले में अब छह सदस्यीय एसआईटी टीम जांच करेगी। आईजी लखनऊ ने बताया कि इस मामले में केंद्रीय गृहराज्य मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा को नामजद आरोपी बनाया है। सूत्रों के मुताबिक, मामले की न्यायिक कमेटी से भी जांच कराई जानी है। इसके लिए कमेटी की बुधवार को घोषणा की जाएगी।

Share This News :