आईपीएल के ऑक्शन में 10 दिनों की हो सकती है देरी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI आगामी आईपीएल 2022 (Indian Premier League 2022) की नीलामी की तारीखों को फिर से आगे बढ़ाने पर विचार कर रहा है। हो सकता है कि आईपीएल 2022 मेगा नीलामी को फिलहाल स्थगित भी कर दिया जाए। इसकी वजह ये है कि टीम अहमदाबाद को लेकर संशय बना हुआ है यूके स्थित सट्टेबाजी कंपनी के साथ उनके संबंधों के खुलासे के बाद सीवीसी कैपिटल ने अभी तक फ्रेंचाइज़ी के समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किया है। इसका असर अगले महीने होने वाली आईपीएल 2022 मेगा नीलामी पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। यूं तो BCCI फिलहाल 12-13 फरवरी की नीलामी की तारीखों पर टिका हुआ है, लेकिन जरूरत पड़ी तो वह इसे हफ्ते या 10 दिनों के लिए टाला जा सकता है। सीवीसी कैपिटल के साथ समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद ही नीलामी की तारीखों का खुलासा होगा।
सट्टेबाजी कंपनियों के साथ काम करने के आरोपों के बाद अहमदाबाद को अब तक टीम अधिग्रहण करने का पत्र नहीं मिला है। और BCCI अहमदाबाद के इस विवाद को लेकर गंभीर है। उसने इसके लिए जांच समिति भी बनाई थी और माना जा रहा था कि अहमदाबाद को क्लीन चीट दे दी जाएगी। बोर्ड और फ्रैंचाइजी के वकील समझौते के लिए वैध रास्ता निकालने में लगे हुए हैं, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ है। आपको बता दें कि बीसीसीआई ने 25 अक्टूबर को आईपीएल के लिए दो नई टीमों का एलान किया था। लखनऊ को आरपीएसजी वेंचर्स लिमिटेड ने 7090 करोड़ रुपये और अहमदाबाद को सीवीसी कैपिटल ने 5625 करोड़ रुपये में खरीदा था।