यूपी में कांग्रेस का यंग मेनिफेस्टो :20 लाख नौकरी देंगे, 8 लाख महिलाओं के लिए रिजर्व होंगे, भर्ती परीक्षाओं की फीस माफ होगी
यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस आज दूसरा मेनिफेस्टो जारी कर रही हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने यूपी चुनाव के लिए भर्ती विधान का अनावरण किया है। प्रियंका ने कहा कि युवाओं से बात करके ही ये भर्ती विधान तैयार किया है। यूपी में सबसे बड़ी समस्या भर्ती की है, इसलिए ये विधान बनाया है। युवा वहां क्वालिफाइड है, लेकिन उन्हें नौकरी नहीं मिलती। हमारा यह प्रयास है कि नौजवानों की समस्याओं को सुलझाया जाए। हम जॉब कैलेंडर बनाएंगे। कड़ाई से पालन करेंगे। पेपर लीक को रोका जाएगा।
प्रियंका ने कहा कि यूपी में हम 20 लाख नौकरियां देंगे। इसमें 8 लाख महिलाओं के लिए होंगे। हमने विधान में ये भी बताया है कि ये कैसे करेंगे। युवा इस बात से परेशान हैं कि परीक्षाएं लीक हो रही है। युवा दुखी है। हमारी सरकार आएगी तो हम ये वादे पूरे करेंगे। हम सकारात्मक प्रचार कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि विकास की बात हो। युवाओं के भविष्य की बात हो।
विधान में हमने ये भी बताया है कि युवा कैसे अपना उद्यम शुरू कर सकते हैं। युवाओं की समस्याओं को हमने इसमें एड्रेस किया है। यूपी में 7 करोड़ युवाओं की आकांक्षाओं का ये दस्तावेज है।
लाइव अपडेट्स
- प्राथमिक विद्यालय में 1.50 लाख, माध्यमिक में 38 हजार, उच्चत्तर में 8 हजार पद भरे जाएंगे। पुलिस के 1 लाख पद भरे जाएंगे। 20 हजार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 27 हजार सहायिकाओं के पद पर भर्ती होंगे। 4 हजार उर्दू शिक्षक भर्ती करेंगे।
- विश्वविद्यालयों में प्लेसमेंट सेल होगी। सभी कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव की बहाली होगी। स्कॉलरशिप टाइम पर मिलेगी। दायरा भी बढ़ेगा और राशि भी। सिंगल विंडो स्कॉलरशिप पोर्टल खुलेगा। सफाईकर्मियों के परिवारों के युवाओं के लिए ट्रेनिंग देंगे।
- अतिपिछड़े युवाओं को 5 लाख तक लोन एक फीसदी ब्याज पर देंगे।
- युवाओं में नशा रोकने के लिए एक ऐसा संस्थान बनाएंगे, जिसका सेंटर लखनऊ में होगा। उनके चार हब होंगे। यहां काउंसलिंग के कैंप लगेंगे।
- हम एक यूथ फेस्टिवल कराना चाहते हैं। युवाओं के लिए ये बड़ा फेस्टिवल होगा। क्रिकेट के लिए विश्वतस्तरीय एकेडमी बनाएंगे।
राहुल ने कहा कि देश और उत्तरप्रदेश की समस्या हर युवा को मालूम है। कांग्रेस यहां उत्तरप्रदेश का युवा मेनिफेस्टो रिलीज कर रही है। ये युवाओं के लिए रोजगार की स्ट्रेटजी है। हम ये नहीं कह रहे हैं कि 40लाख रोजगार देंगे। हम ये बता रहे हैं कि कैसे देंगे। यूपी में हर 24 घंटे में 880 लोग रोजगार खोते हैं। 16 लाख लोगों ने रोजगार खोया है।
प्रधानमंत्री कहते थे कि दो करोड़ रोजगार देंगे लेकिन क्या हुआ आप जानते हैं। यूपी के युवाओं को रोजगार का विजन दे सकती है। हम नफरत नहीं फैलाते। हम युवाओं की शक्ति के साथ नया उत्तरप्रदेश बनाना चाहते हैं।
कांग्रेस यूपी में 20 लाख सरकारी नौकरी देने का वादा करेंगी। इसमें 8 लाख पद महिलाओं के लिए रिजर्व रहेंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की पूरी फीस माफ करने का भी ऐलान किया जा सकता है।
यूपी की महिलाओं के लिए कांग्रेस अलग मेनिफेस्टो जारी कर चुकी है।प्रियंका का महिलाओं के लिए अलग घोषणा पत्र
प्रियंका गांधी ने इससे पहले महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया था। इसमें मुफ्त बस सेवा, साल में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त देने के साथ सरकारी नौकरी में 40% आरक्षण देने का वादा किया है। प्रियंका गांधी यूपी में अपनी पार्टी से 40% टिकट महिलाओं को दे रही हैं।
ये हैं प्रियंका गांधी की 8 प्रतिज्ञाएं
- टिकटों में महिलाओं की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी
- छात्राओं को स्मार्टफोन और स्कूटी
- किसानों का पूरा कर्जा माफ
- 2500 में गेहूं धान, 400 पाएगा गन्ना किसान
- बिजली बिल सबका हाफ, कोरोना काल का बकाया साफ
- दूर करेंगे कोरोना की आर्थिक मार, परिवार को देंगे 25 हजार
- 20 लाख को सरकारी रोजगार
- 10 लाख तक का मुफ्त इलाज
कांग्रेस की दोनों लिस्ट में महिलाओं को 40% टिकट
कांग्रेस ने पहली लिस्ट में 125 उम्मीदवारों के नाम जारी किए थे। उस लिस्ट में 50 महिलाओं को टिकट दिया गया था। बता दें कि यूपी में कांग्रेस 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' नाम से मुहिम चला रही हैं। इसके तहत पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने वादा किया था कि यूपी में वह 40% टिकट महिलाओं को देगी।
कांग्रेस ने 20 जनवरी को दूसरी लिस्ट जारी की। यूपी में और 41 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। इसमें 16 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। इसमें भाजपा नेत्री और हरियाणवी सिंगर सपना चौधरी की बाउंसर पूनम पंडित को बुलंदशहर के स्याना विधानसभा सीट से टिकट मिला है। वहीं, पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी की पत्नी संगीता को साहिबाबाद सीट पर उतारा गया है। दूसरी लिस्ट में सबसे ज्यादा फोकस मुस्लिमों पर किया गया है। 9 मुस्लिम नेताओं को टिकट दिया गया है।