धोनी मेरी कप्तानी में खेलने के बाद भी लीडर थे
टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ने के बाद पहली बार विराट कोहली का कोई बयान सामने आया है। कोहली ने कहा कि लीडर बनने के लिए जरूरी नहीं है कि कप्तान बना जाए। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मिली हार के बाद विराट ने टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़कर सभी को हैरानी में डाल दिया था। इससे पहले उनको वनडे की कप्तानी से हटा दिया गया था और टी-20 की कैप्टेंसी उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप के बाद ही छोड़ दी थी। अब विराट एक बल्लेबाज के तौर पर टीम इंडिया के लिए खेलते नजर आएंगे।
पूर्व भारतीय कप्तान ने फायरसाइट चैट शो के दौरान बात करते हुए कहा- देखिए, मुझे लगता है कि सबसे पहले आपको इस बात की पूरी समझ होनी चाहिए कि आपने क्या हासिल करने के लिए निर्धारित किया है। आपने उन टारगेट को हासिल किया है या नहीं। हर चीज का एक टाइम पीरियड होता है, इसलिए आपको इसके बारे में पता होना चाहिए। एक बल्लेबाज के रूप में आप टीम को और अधिक देने में सक्षम हो सकते हैं, इसलिए उस पर गर्व करें।चैट शो के दौरान विराट ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का उदाहरण देते हुए कहा- लीडर बनने के लिए आपको कप्तान होने की आवश्यकता नहीं है। जब एमएस धोनी टीम में थे, ऐसा नहीं था कि वह लीडर नहीं थे, वह अभी भी वह व्यक्ति थे जिनसे हम इनपुट लेना चाहते थे। जीतना या हारना आपके हाथ में नहीं होता। एक्सीलेंस के लिए कोशिश करना और हर दिन बेहतर होना जरूरी है।